
भोजपुरी गायिका देवी (Singer Devi) के मुस्लिम युवक से शादी करने की खबर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. सोशल मीडिया पर गायिका देवी का मुस्लिम युवक के साथ की तस्वीरें वायरल हो रही है । जिसमें कहा जा रहा है कि देवी ने एक मुस्लिम से शादी कर ली है । लेकिन देवी ने खुद अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट (Facebook Post) जरिए इन खबरों का खंडन किया है । देवी ने खबर का खंडन करते हुए लिखा, ‘इधर मेरा एक न्यूज़ वायरल (News Viral) हो गया है कि मैंने एक मुस्लिम युवक से शादी कर ली है. इस न्यूज़ को मैं सर्वप्रथम पूरी तरह से खारिज करती हूं. सत्य बात यह है कि मैंने अभी तक शादी भी नहीं की है. मेरे एक ब्राजीलियन फैन और मित्र ‘फैब’ जरूर हैं और मैंने मीडिया में सिर्फ यह कहा था कि यदि सबकुछ अनुकूल रहा तो मैं उनसे शादी कर सकती हूं.’

फेसबुक पोस्ट लिखकर वायरल खबर पर दी सफाई
भोजपुरी गायिका देवी ने आगे लिखा कि दूसरी बात यह है कि फैब मुस्लिम नहीं है, वो किसी धर्म में विश्वास नहीं करते, किंतु उनका जन्म एक इसाई परिवार में जरूर हुआ है. मैं स्वयं किसी खास धर्म की जगह सभी धर्मों में व्याप्त मानव धर्म में विश्वास करती हूं. मैं हर अच्छे इंसान की कद्र करती हूं चाहे वो हिंदू हो, मुसलमान हो या इसाई हो.’

देवी ने लिखा, ‘धर्म और शादी यह किसी का निजी मामला है. इसमें हस्तक्षेप करना अनुचित है, असंवैधानिक है और आपराधिक भी है. कुछ तत्व इस बात को नहीं समझते हैं. मेरी छवि को क्षतिग्रस्त करने के लिए झूठी अफवाहे फैलते हैं.’
देवी ने इसे लेकर वायरल हो रही तस्वीर के बारे में बताते हुए लिखा, ‘जब मैं एक अवार्ड फंक्शन में दुबई गई थी तो वहां अरबियन परिधान में हमने एक फोटो खिंचवाई थी. फैब ने सफेद रोब पहना था और कौतूहलवश मैंने भी बुर्का पहन रखा था. शूटिंग के दौरान कभी-कभी मुझे बुर्का भी पहनना पड़ता है. उसी फोटो को देख कर एक शरारती लड़के ने इसे हिंदू-मुस्लिम का गलत रंग दे दिया और फेक न्यूज़ बनाकर प्रसारित कर दिया.’
सिंगर ने अंत में लिखा, ‘मैं अपने प्रशंसकों से यही कहना चाहती हूं कि मैं सिर्फ एक गायिका ही नहीं हूं, मैं सदा से उच्चस्तरीय विचारों के लिए भी जानी जाती हूं. अतः मेरे सभी प्रशंसक भी संयमपूर्वक इस झूठे न्यूज़ का खंडन करें.’