
बिहार में कोरोना का संक्रमण काफी तेजी से फ़ैल रहा है. राजनीतिक गलियारे में कोरोना इतनी तेजी से फ़ैल रहा है कि बिहार के दर्जनों नेता इसकी चपेट में आ चुके हैं. जेडीयू के मंत्रियों के बाद अब जदयू सांसद भी इसकी चपेट में आ गए हैं. इससे पहले बीजेपी सांसद रामकृपाल यादव और उनकी पत्नी भी पॉजिटिव मिल चुकी हैं.
सांसद कोरोना पॉजिटिव
मधुबनी में झंझारपुर के जदयू सांसद आरपी मंडल भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं. हाल ही में उन्होंने कोरोना जांच के लिए अपना सैंपल दिया था. जिसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई है. प्रशासन उनके कांटेक्ट में आये लोगों की जांच में जुटी हुई है. वहीं, पाटिलपुत्र के बीजेपी सांसद रामकृपाल यादव और उनकी पत्नी कोरोना पॉजिटव पाए गए हैं। दो दिन पहले बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल भी कोरोना पॉजिटिव हुए थे
बीजेपी विधायक कोरोना पॉजिटिव
वहीं, नौतन के बीजेपी विधायक नारायण प्रसाद कोरोना संक्रमित पाए गए हैं. विधायक के साथ-साथ उनका बेटा, उनकी बहु और भांजा भी संक्रमित पाए गए हैं. चार दिन पहले ही लौरिया विधायक विनय बिहारी भी संक्रमित हुए थे. उनकी पत्नी भी संक्रमित मिली हैं.
श्रम मंत्री कोरोना पॉजिटिव
राज्य के श्रम संसाधन मंत्री और लखीसराय के बीजेपी विधायक विजय कुमार सिन्हा भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. उन्हें पटना एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है. चार दिन पहले मंत्री के स्कार्ट चालक, निजी सहायक सहित चार लोग संक्रमित पाए गए थे।
और कौन कौन कोरोना पॉजिटिव
वहीं, भागलपुर की प्रमंडलीय आयुक्त वंदना भी कोरोना संक्रमित हो गई हैं। वे डॉक्टरों की निगरानी में होम क्वारेंटाइन में हैं। वहीं मधेपुरा के डीडीसी भी पॉजिटिव आए गए हैं।
आज आएगी सेंट्रल टीम
बिहार में कोरोना की मौजूदा स्थिति को लेकर केंद्र सरकार काफी गंभीर है। स्थिति की समीक्षा के लिए दो टीम गठित किया है।यह टीम राज्य का दौरा कर स्थिति का आंकलन करेगी और इसकी रिपोर्ट केंद्र सरकार को देगी।टीम का नेतृत्व मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल कर रहे हैं। इस टीम में नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल के डायरेक्टर डॉ. एसके सिंह और एम्स नई दिल्ली के मेडिसिन के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नीरज निश्चल शामिल है।