
कोरोना संकट के दौर नीतीश सरकार ने निजी अस्पतालों में काम करने वाले डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को बड़ा तोहफा दिया है. अब इन अस्पतालों में काम करने वाले डॉक्टर्स और स्वास्थ्यकर्मियों को 50 लाख रुपए का बीमा कवर मिलेगा. इसका लाभ उन निजी अस्पतालों में मिलेगा, जहां कोरोना मरीजों का इलाज किया जा रहा है.
स्वास्थ्य मंत्री ने किया एलान
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने कहा है कि भारत सरकार के प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज के तहत से 50 लाख की बीमा का लाभ प्राइवेट सेक्टर में काम कर रहे डॉक्टरों और कोविड-19 का उपचार कर रहे अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को भी मिलेगा. मंगल पांडे ने कहा है कि इस योजना का लाभ उन प्राइवेट अस्पतालों के डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल स्टाफ और उन कर्मियों को मिलेगा, जिनकी असामयिक मृत्यु कोविड-19 के उपचार के दौरान होगी.
केंद्र सरकार ने शुरू की थी योजना
आपको बता दें कि केंद्र सरकार ने इस योजना की शुरुआत सरकारी अस्पतालों में काम करने वाले डॉक्टरों, मेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मियों के लिए की थी लेकिन अब इसे निजी क्षेत्र तक ले जाया जा रहा है. बिहार में कई प्राइवेट अस्पतालों में कोरोना के मरीजों का इलाज हो रहा है. लिहाजा जोखिम को देखते हुए अब बिहार सरकार ने इसके दायरे में निजी अस्पतालों के डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को लाने का फैसला किया है.