
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने धानुक वोटरों को साधने के लिए एक और मास्टर स्ट्रोक चला है। मुख्यमंत्री ने धानुक समाज की मांग पर बाबा महतो महोत्सव को राजकीय दर्जा देने का ऐलान किया है। सीएम नीतीश कुमार सोमवार को सरमेरा ब्लॉक के परनावां में आयोजित बाबा महतो महोत्सव का उद्घाटन करने आए थे। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि श्री श्री 108 श्रीशरण निवास बाबा महतो साहब ने आपसी भाईचारा का संदेश दिया था। उन्होंने धर्म से ऊपर मानवता और इंसानियत को माना था। उनके संदेश और विचारों को अपनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वे पहली बार परनावां की धरती पर नहीं आए हैं इससे पहले भी कई बार वो आ चुके हैं, लेकिन महोत्सव में उनका यहां आना गौरव की बात है। दरअसल, सीएम नीतीश कुमार जब मंच से भाषण दे रहे थे तभी सीएम को सुनने आए लोगों में कई लोगों ने बाबा साहब महोत्सव को राजकीय दर्जा दिए जाने की मांग की। जिसके बाद सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि एक बार भी उन्हें पटना में किसी जनप्रतिनिधि या महोत्सव मंडल के लोगों ने बाबा महतो साहब महोत्सव के राजकीय दर्जा देने की बात नहीं कही। अचानक खुले मंच से इस तरह की मांग की जा रही है। अगर पहले से ये बातें कही होती तो आज यहां खुले मंच से इसका ऐलान हो जाता। लोगों की भावनाओं को देखते हुए इसे राजकीय दर्जा दिया जाएगा। महोत्सव में सरकार द्वारा हर संभव मदद दी जाएगी।