
इंटर परीक्षा का रिजल्ट निकलने के बाद छात्र कॉलेजों में एडमिशन के लिए आवेदन करने मे जुट गए हैं। पहली बार कॉलेजों में एडमिशन के लिए ऑन लाइन आवेदन की सुविधा दी गई है। साथ ही बिहार बोर्ड ने छात्रों की सुविधा के लिए जिले के तीन कॉलेज में हेल्प डेस्क बनाया है। जहां छात्रों को आवेदन संबंधी सभी तरह जानकारी मिल रही है। एक छात्र 20 कॉलेजों के लिए आवेदन कर सकते हैं। नालंदा कॉलेज के प्रो. डॉ. शैलेंद्र कुमार ने बताया की डिग्री कोर्स में नामांकन के लिए 28 जून तक ऑनलाइन आवेदन लिया जाएगा। इसके बाद बोर्ड संबंधित कॉलेज को आवेदकों की सूची उपलब्ध कराएगा। सर्टिफिकेट के भौतिक सत्यापन के बाद मेधा सूची के अनुसार छात्रों का एडमिशन लिया जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। उन्होंने बताया कि कॉलेज में वोकेशनल कोर्स के लिए भी 27 जून तक आवेदन लिया जा रहा है। नालंदा महिला कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि डिग्री कोर्स के साइंस में 767 और आर्ट्स में 960 छात्राओं का एडमिशन लिया जाएगा
किस कॉलेज में कितने हेल्प डेस्क
नालंदा कॉलेज- चार हेल्प डेस्क
नालंदा महिला कॉलेज- दो हेल्प डेस्क
एसयू कॉलेज, हिलसा- एक हेप्ल डेस्क
कैसे करें ऑनलाइन आवेदन
www.bdcollage.com(बीडीकॉलेजपटना डॉट कॉम) पर लॉग इन करने पर नामांकन के लिए पेज खुलेगा। वहां से नामांकन आवेदन को डाउनलोड करना होगा। इसके बाद आवेदन के हर कॉलम को भरना होगा। छात्रों को इस आवेदन के लिए मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी देना अनिवार्य है। इसके बिना ऑनलाइन आवेदन नहीं भरा जा सकता है। आवेदन भरने के बाद छात्र के मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी पर वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) आएगा। इसे आवेदन में भरना होगा। एक मोबाइल नंबर से दो छात्र आवेदन भर सकते हैं। अगर एक मोबाइल नंबर से तीन या अधिक छात्र ऑनलाइन आवेदन भरेंगे तो सभी के आवेदन स्वत: रद्द हो जाएंगे।
कहां से करें ऑनलाइन आवेदन
छात्र कहीं से भी ऑनलाइन आवेदन भर सकते हैं। डीआरसीसी, वसुधा केंद्र या खुद से इंटरनेट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा साइबर कैफे से भी आवेदन भरा जा सकता है। छात्रों को आवेदन शुल्क के तौर पर 300 रुपए देना होगा। ये भुगतान भी ऑनलाइन करना होगा। वसुधा केंद्र से भरने वाले छात्रों को प्रति आवेदन मात्र 24 रुपए शुल्क लिया जाएगा। आवेदन के माध्यम से ही छात्रों को नामांकन के लिए कॉलेज की वरीयता सूची भी भरनी होगी।