
जैसे जैसे गर्मी बढ़ती जा रही है वैसे वैसे जिले में अगलगी की घटनाएं भी बढ़ती जा रही है. ताजा मामला बिहारशरीफ के सहोखर इलाके की है. जहां एक कबाड़ी दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि पांच किलोमीटर दूर से भी धूएं के गुब्बार को देखा जा सकता था.
क्या है पूरा मामला
सोहसराय थाना के पॉश माने जाने वाले सहोखर में एक कबाड़ी की दुकान में अचानक आग लग गई. देखते देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. हालत ये हो गई कि आग पर काबू पाने में दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करना पड़ा. आग इतनी भीषण थी कि अग्निशमन कर्मी एक तरफ काबू पा रहे थे तो दूसरी तरफ आग धधक उठती थी। दुकान में प्लास्टिक सामानों की भरमार थी। इस कारण आग से गैस बन गई। पानी की बौछार के बाद भी आग रह-रहकर धधक रही थी। घटना के बाद कबाड़ी दुकान संचालक भूषण प्रसाद मौके से फरार हो गया।

पड़ोस के घर भी चपेटे में आई
आग कितना भयंकर था इसका अंदाजा आप इस से लगा सकते हैं कि घुएं का गुब्बार पांच किलोमीटर दूर से भी देखा जा सकता था. साथ ही देखते देखते आग ने पड़ोस के तीन घरों को भी अपने चपेट में ले लिया. हजारी साव, लखन चौधरी और संजय चौधरी के मकान शामिल है.
मोहल्ले में मच गई अफरातफरी
भीषण अगलगी देख मोहल्ले वासियों में अफरातफरी मच गई। लोग आशंकित थे कि आग उनके घरों को चपेट में ले सकता है। कई लोग परिवार समेत घर से बाहर आ गए।
हो सकता था करोड़ों का नुकसान
घटनास्थल के समीप एक ट्रांसपोर्ट कंपनी है। जहां मिनी सूरत नाम से मशहूर सोहसराय मंडी का कपड़ा आता है। यहां अगर आग फैलती तो नुकसान करोड़ों में हो सकता था।
मौके पर पहुंचे आलाधिकारी
अगलगी की सूचना मिलते ही सोहसराय के थानाध्यक्ष बिजेंद्र कुमार सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर सुरेश प्रसाद, भागन बिगहा के ओपी प्रभारी आलोक चौधरी, बिहारशरीफ के बीडीओ राजीव रंजन समेत अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। आग कैसे लगी इसकी वजहों का खुलासा अब तक नहीं हुआ है. लेकिन चर्चा है कि बदमाशों ने आग की चिनगारी कबाड़ी दुकान में फेंक दी, जिससे घटना हुई।
बेतरतीब शहर दे रहा घटना को आमंत्रण
शहर की बेतरतीब बनावट अप्रिय घटना को आमंत्रण दे रहा है। कुछ मोहल्ले ऐसे हैं, जहां आग लगने पर अग्निशमन की छोटी वाहन भी नहीं ले जाया जा सकता। यही नहीं, नियमों को ताक पर रख कर पॉश इलाके में ऐसे दुकान-उद्योग संचालित होते हैं जो आबादी से दूर होना चाहिए।
जेसीबी से सामान को हटाकर पाया काबू
आग इतनी भयावह थी कि अग्निशमन कर्मी एक तरफ काबू पा रहे थे तो दूसरी ओर आग भभक उठता था। इसके बाद जेसीबी मशीन से सामानों को इधर-उधर कर आग पर काबू पाया गया। 5 अग्निशमन वाहनों का पानी खत्म हो गया। वाहन पानी लाने जाता तो आग फिर से भभक उठती।
आबादी वाले इलाके में कबाड़ी दुकान अवैध
जिला अग्निशमन पदाधिकारी ललन रजक ने बताया कि आबादी वाले इलाके में कबाड़ी दुकान अवैध है। घटना की सूचना के बाद मौके पर चार वाहनों को त्वरित भेजा गया। जाम होने के कारण वाहनों को पहुंचने में कुछ देरी हुई। कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। गर्मी के मौसम में नागरिकों को अगलगी से बचने के एहतियात बरतने चाहिए। शहर के कुछ इलाके की गलियां इतनी संकीर्ण है कि घटना होने पर अग्निशमन मदद नहीं कर सकता। एक दिन पहले मोबाइल टावर में अगलगी हुई थी। जहां अग्निशमन का छोटा वाहन पहुंचा। टॉवरों को ऐसे स्थान पर होना चाहिए जहां बड़े वाहन आसानी से पहुंच सके।