
बिहारशरीफ सदर अस्पताल में उस वक्त हड़कंप मच गया . जब मुंह पर मास्क लगाये एक मरीज इमरजेंसी में पहुंचा और सीधे डॉक्टर के पास जाकर कहा कि मुझे कोरोना हो गया है। इतना सुनते ही नर्स और स्वास्थ्यकर्मी चैम्बर छोड़कर भाग निकले। चंद सेकेंड में ही चैम्बर खाली हो गया।
मरीज भी छिप गए
कोरोना वायरस की बात सुनते ही नर्स और स्वास्थ्यकर्मी ही नहीं मरीजों में भी हड़कंप मच गया. मरीजों को जैसे ही पता चला वे वहां से निकल लिए. उधर, डॉक्टर पुर्जा लेकर चैम्बर के बाहर मरीज को ढूंढते दिखे। जब उसका पता नहीं चला तो बाद में उसकी मां की तलाश कर पुर्जा देकर जांच करवाने को कहा गया।
मास्क लगाकर आया था मरीज
दरअसल बिंद प्रखंड के नालंदा गांव के रहने वाले गौतम कुमार चेहरे पर मास्क और गमछा लगाकर. साथ ही चादर से शरीर को ढंके इमरजेंसी में पहुंचा था। हालांकि डॉक्टर ने कहा कि बिना जांच के कोरोना की पुष्टि नहीं की जा सकती है। खासकर बुखार रहने का मतलब कोरोना ही हो यह जरूरी नहीं।
हरियाणा में रहता था गौतम
पीड़ित के परिजन ने बताया कि गौतम हरियाणा और दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। वहां उसके बुखार, सर्दी और गले में दर्द की शिकायत हुई। जिसके बाद 4 मार्च को गांव चला आया। इलाज के लिए बिंद के ही एक निजी क्लीनिक में पहुंचा जहां डाक्टर ने इसे कोरोना का लक्षण बता दिया था। इसके बाद बुधवार को सदर अस्पताल इलाज के लिए उसे लाया गया था। हालांकि डाक्टर ने कोरोना की पुष्टि नहीं की है। उन्होंने जांच के बाद ही पुष्टि की बात कही है।