
नालंदा जिलावासियों के लिए एक अच्छी खबर है। इस्लामपुर से दिल्ली जाने वाली मगध एक्सप्रेस ट्रेन की लेट लतीफी अब खत्म हो जाएगी।10 अगस्त से मगध एक्सप्रेस इस्लामपुर से हर रोज राइट-टाइम खुलेगी।
टाइम पर चलाने के लिए किया गया जुगाड़
मगध एक्सप्रेस को इस्लामपुर से टाइम से खोलने के लिए रेलवे ने जुगाड़ कर लिया है। इसके लिए इस्लामपुर-पटना और पटना-हटिया के बीच चलने वाली हटिया एक्सप्रेस को हर रोज मगध एक्सप्रेस बनाकर चलाया जाएगा। इस्लामपुर-पटना और पटना-हटिया के बीच चलने वाली हटिया एक्सप्रेस में 18 कोच है जबकि मगध एक्सप्रेस में 24 कोच हैं। ऐसे में कोच की समानता के लिए इस्लामपुर-पटना और पटना-हटिया के बीच चलने वाली हटिया एक्सप्रेस में छह नए कोच लगाये जाएंगे। हटिया एक्सप्रेस में जो कोच लगेगा उसमें सामान्य श्रेणी के दो तथा एससी के चार कोच होंगे। ये सारी प्रक्रिया नौ अगस्त तक पूरी कर 10 अगस्त से मगध एक्सप्रेस को नीयत समय पर इस्लामपुर से परिचालन कराया जाएगा।
अब हटिया एक्सप्रेस का होगा एक नाम और नम्बर
हटिया और इस्लामपुर के बीच चलने वाली हटिया एक्सप्रेस अब एक नाम और नम्बर से जाना जाएगा। फिलहाल हटिया एक्सप्रेस दो नाम और दो नम्बरों से जाना जाता है। इस्लामपुर-पटना के बीच हटिया एक्सप्रेस का नम्बर 18695 अप तथा 18696 डाऊन है, जबकि पटना-हटिया के बीच चलने वाली हटिया एक्सप्रेस का नम्बर 18623 अप तथा 18624 डाउन है। मुख्य यात्री परिवहन प्रबंधक सुमित्रा मजुमदार के पत्र के मुताबिक 10 अगस्त से हटिया एक्सप्रेस सीधे इस्लामपुर-हटिया के बीच चलेगी और वो 18623 अप और 18624 डाउन के नम्बर से जाना जाएगा।

इस्लामपुर-हिलसावासियों के लिए राहत
10 अगस्त से मगध और हटिया से मर्ज होने से इस्लामपुर- एकंगर और हिलसा के आसपास रहने वालों लोगों की सुविधाएं बढ़ जाएंगी। अब हटिया से यात्रा करने वाले लोग सीधे रिजर्वेशन करवा सकेंगे। फिलहाल हटिया में रिजर्वेशन कराने वालों को पटना से टिकट बनवाना मजबूरी होता था। इसकी मुख्य वजह हटिया एक्सप्रेस का पटना से नाम और नम्बर बदल जाना बताया जाता है। ऐसी स्थिति में रिजर्वेशन लेने के बाद भी यात्री को पटना तक का सामान्य टिकट लेकर यात्रा करना पड़ता है। इस कारण यात्रियों को बेवजह आर्थिक नुकसान सहना पड़ता है। अब जब हटिया का नाम और नम्बर एक हो जाएगा तो यात्रियों को इस परेशानी का सामना नहीं करना होगा।

