
नालंदा जिला के राजगीर थाना क्षेत्र के एक गांव में तीन दिन के भीतर दूसरी हत्या से सनसनी फैल गई है। शख्स की गला दबाकर हत्या कर दी गई और लाश को कुएं में फेंक दिया गया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है .
गांव वालों ने देखी लाश
दरअसल , कुएं के पास से गुजर रहे लोगों ने बदबू महसूस की। देखने पर पता चला कि कुएं में लाश है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि शव के पास से पहचान के कोई कागज नहीं मिले हैं। थोड़ी देर में थैले में कुछ कपड़े मिले हैं। प्रथमदृष्टया लग रहा है कि गला दबाकर हत्या की गयी है। पुलिस जांच में जुट गयी है।
इसे भी पढ़िए–राजगीर में शादी समारोह के बहाने बुलाया, फिर ठेकेदार को मार डाला
हत्या के बाद गांव में दहशत
इस घटना के बाद राजगीर के रामानंद नगर गांव में दहशत का माहौल है। 13 जुलाई को इसी गांव में एक युवक की हत्या की गयी थी। इस मामले मे रामानंद नगर गांव के कई लोगों को आरोपी बनाया गया था। पुलिसिया कार्रवाई के डर से गांव के मर्द फरार हैं। सिर्फ महिलाएं हैं, वो भी पुलिस को देखकर भाग जाती हैं। पुलिस ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि वे लोग घरों में रहें और पुलिस उनकी पूरी सुरक्षा करेगी।
गांव में नहीं दिखा कोई मर्द
इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी गांव में कोई मर्द नहीं दिखा। डरी-सहमी कुछ महिलाएं थी। गांव के मर्द घर छोड़कर फरार हैं। महिलाएं भी रात को कृपा बिगहा गांव चली जाती है। 40 घर की इस बस्ती में ज्यादातर मांझी समुदाय के लोग रहते हैं। 13 जुलाई को गांव में विस्थापित नगर निवासी ठेकेदार के मुंशी की हत्या हो गयी थी। हत्या के बाद मृतक के पिता ने रामानंद नगर गांव के रहने वाले कई लोगों के खिलाफ एफआईआर करायी थी।जिसके बाद से ही गांववाले फरार हैं.