
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने कई नई टीम बनाई है। कई कमेटियों का गठन किया गया है। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय को बड़ी जिम्मेदारी दी है. माना जा रहा है कि नित्यानंद राय अमित शाह के काफी करीबी हैं. इसलिए उन्हें ये पद दिया गया है.
चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष
बिहार बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष नित्यानंद राय को चुनाव संचालन समिति का अध्यक्ष बनाया है. केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय को बिहार विधानसभा चुनाव संचालन समिति का अध्यक्ष बनाकर ओबीसी और यादव वोटरों को पार्टी ने अपने साथ लेने की कोशिश की है. वहीं प्रदेश महामंत्री देवेश कुमार को सह संयोजक बनाया गया है. लोगों का कहना है कि नित्यानंद राय अमित शाह के सबसे करीबी हैं और गृह मंत्रालय में उनके जूनियर मंत्री हैं. अगर भविष्य में भाजपा को अपने दम पर कोई निर्णय लेना पड़े तो नित्यानंद राय भाजपा के चेहरा बन सकते हैं
मंगल पांडे को चुनाव प्रबंधन समिति की जिम्मेदारी
वहीं, बिहार बीजेपी के एक और पूर्व अध्यक्ष एवं सूबे के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय को चुनाव प्रबंधन समिति की कमान सौंपी गई है. चुनाव प्रबंधन समिति की जिम्मेदारी सौंप कर पार्टी ने अगड़ी जातियों को लुभाने की कोशिश की है.
प्रचार का जिम्मा रविशंकर प्रसाद को
पटना साहिब से सांसद और केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद को मीडिया की जिम्मेदारी सौंपी गई है. उन्हें प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाया गया है. बिहार में कोरोना काल में हो रहे विधानसभा चुनाव की वजह से ऑनलाइन प्रचार जोरों पर है. बीजेपी ने इसके लिए एक पूरी टीम उतार दी है. भाजपा ने ऑनलाइन प्रचार के तहत सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा जोर लगाया है. भाजपा की योजना केंद्र और राज्य की विकास योजनाओं की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंचाने की है. बीजेपी इस बार फेसबुक, ट्विटर, यू-ट्यूब, इंस्टाग्राम के माध्यम से चुनाव में प्रचार करने की योजना बना रही है. रिपोर्ट के मुताबिक बीजेपी एनडीए की 15 साल की सरकार की तुलना पिछले 15 साल की राजद सरकार से की जाएगी.
प्रेम कुमार बनाएंगे घोषणा पत्र
जबकि घोषणा पत्र बनाने की जिम्मेदारी सूबे के कृषि मंत्री डॉ. प्रेम कुमार को मिली है. डॉ. प्रेम कुमार को मेनीफेस्टो कमेटी का प्रमुख बनाया गया है।