
पूरा बिहार इन दिनों कड़ाके की ठंड (Cold Wave) की चपेट में है. पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण अचानक बढ़ी ठंड की वजह से सामान्य जीवन काफी हद तक प्रभावित हुआ है. दरअसल लगातार चल रही सर्द पछुआ हवाओं ने न केवल पटना (Patna) और आस पास के इलाकों के बल्कि बिहार के कई जिलों के तापमान में अंतर ला दिया है. बिहार के अधिकतर जिलों में न सिर्फ सर्द हवाएं बह रही हैं बल्कि घने कुहासे ने भी कई मुश्किलें खड़ी कर दी हैं.
पछुआ हवा ने बढाई ठंडक
बिहार के करीब एक दर्जन से जिलों में सोमवार को सीवियर कोल्ड डे रहा. पछुआ हवाओं और दिन भर बादल छाये रहने की वजह से धूप लोगों को काफी परेशानी हुई.पटना का अधिकतम तापमान 14 डिग्री और न्यूनतम तापमान का 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
अभी हफ्ते भर रहेगी ठंड
मौसम विभाग का दावा है की अभी एक सप्ताह तक मौसम में ठंड का प्रकोप रहेगा. विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं. बता दें कि सोमवार की सुबह घने कोहरे की वजह से 9 बजे तक विजिबिलिटी भी 150 मीटर रही थी इस वजह से लोगों को आवागमन में में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
डॉक्टरों की चेतावनी
अचानक ठंड बढ़ने से डॉक्टरों की सलाह है कि बहुत जरूरत होने पर ही लोग घरों से बाहर निकलें. खासकर बुजुर्ग और बच्चों पर विशेष तौर पर ध्यान देने की जरूरत है. बीपी शुगर के मरीज विशेष तौर पर सतर्क रहें क्योंकि इस मौसम में दोनों में काफी उतार चढ़ाव हो सकता है.