
नालंदा-पटना समेत बिहार के कई हिस्सों में आंधी-पानी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कई जिलों में गरज के साथ भारी बारिश हुई। 50 से 60 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चली। इस दौरान ठनका गिरने से अलग-अलग जिलों में 23 लोगों की मौत हो गई।
कहां कितने लोग की मौत
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार मृतकों में पटना के तीन लोग हैं जिनमें दुल्हिनबाजार के दो और बाढ़ का एक व्यक्ति शामिल है। वहीं गया में दो, रोहतास में एक, जहानाबाद में दो, शेखपुरा और जमुई में एक-एक की मौत ठनका गिरने से हो गई। जबकि अरवल में एक, कटिहार में दो और नालंदा में एक व्यक्ति की मौत हुई। जहानाबाद, नालंदा और शेखपुरा में ठनका से तीन लोग झुलस गए। इस बीच जिलों से मिली जानकारी के अनुसार सीतामढ़ी में दो और दरभंगा, सहरसा, बांका तथा सीवान में भी ठनका की चपेट में आने से एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। सीवान में जान गंवाने वाला शख्स मैरवा का 70 साल का वृद्ध है। समस्तीपुर में तीन की मौत हुई है।
चार-चार लाख का मुआवजा
सभी मृतकों के निकटतम परिजनों को सरकार चार-चार लाख रुपये देगी। सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन ने संबंधित जिलाधिकारियों को कहा है कि वह मृतकों के निकटतम परिजनों को 4-4 लाख रुपये भुगतान कर दें और घायलों का सही तरीके से उपचार कराएं।
आज भी हो सकती है बारिश
मौसम अलर्ट में बताया गया है कि बुधवार को भी पटना सहित राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। ठनका भी गिर सकता है। बुधवार को उत्तर-पूर्व बिहार के जिलों सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, पूर्णिया में अधिकतर जगहों पर बारिश होगी। इसके अलावा दक्षिण पश्चिम बिहार के बक्सर, भोजपुर, भभुआ, रोहतास, जहानाबाद, औरंगाबाद और दक्षिण मध्य बिहार के पटना, बेगूसराय, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, गया आदि में कुछ जगहों पर बारिश की संभावना है
भागलपुर में सबसे अधिक बारिश
मंगवार को सबसे अधिक 47 मिलीमीटर बारिश भागलपुर में हुई। इसके अलावा पटना में 21, गया में 13 और पूर्णिया में 34 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इन जगहों पर आधी भी चली।
तापमान में गिरावट
उधर, बारिश के कारण पटना सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में दिन के तापमान में तीन से चार डिग्री तक गिरावट आई है। पटना का तापमान 32, गया का 31.8, भागलपुर का 30.4 और पूर्णिया का 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।