
बिहार में कोरोना का कहर जारी है. पिछले 24 घंटे में कोरोना से 7 और लोगों की मौत हो गई है. मरने वालों में पूर्व मंत्री की पत्नी के अलावा वार्ड पार्षद के पति भी शामिल हैं. वहीं, नालंदा में डॉक्टर दंपति भी कोरोना से संक्रमित हो गए हैं. डॉक्टर पति पत्नी के अलावा उनकी बेटी भी कोरोना संक्रमित हो गई हैं
इलियास हुसैन की पत्नी की मौत
आरजेडी के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री इलियास हुसैन की पत्नी सलमा खातून की कोरोना की वजह से मौत हो गई. वे 65 साल की थीं. सलमा खातून को 24 अगस्त को कोरोना पॉजिटिव होने पर पटना एम्स में कराया गया था. जहां उनकी मौत हो गई.
नालंदा के दो लोगों की मौत
नालंदा जिला में कोरोना का कहर जारी है. गुरुवार को नालंदा में कोरोना के 47 नए मरीज मिले हैं. साथ ही नालंदा में डॉक्टर दंपति भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं. पावापुरी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर, उनकी डॉक्टर पत्नी और बेटी कोरोना पॉजिटिव निकली हैं उन्हें इलाज के लिए पटना के इंदिरा गांधी आर्युवैदिक संस्थान में भर्ती कराया गया है। वहीं दो लोगों की कोरोना की वजह से मौत हो गई है. मरने वाले दोनों इलाज के लिए पटना एम्स में भर्ती थी. मृतकों में बिहारशरीफ के संतोष कुमार गुप्ता और नालंदा के रामू कुमार शामिल हैं
वार्ड पार्षद के पति की मौत
पटना नगर निगम के वार्ड 53 की पार्षद किरण मेहता के पति धनंजय मेहता का कोरोना की वजह से निधन हो गया. उनका इलाज पटना एम्स में चल रहा था. बताया जा रहा है कि सेनेटाइजेशन अभियान के दौरान वे संक्रमित हुए थे।
और किसने किसने गंवाई जान
इसके अलावा पीएमसीएच कोविड अस्पताल में पटना की बसंती देवी की मौत हो गई। एनएमसीएच में रोहतास के मरीज सुनील कुमार की मौत हो गई। जबकि पटना एम्स में मुजफ्फरपुर की बधुत देवी की मौत हो गई।
पटना में कहर जारी
पटना जिले में कोरोना के 295 नए मरीज मिले हैं। जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 23116 हो गई है। इनमें 20911 मरीज ठीक हो चुके हैं। अभी 2111 एक्टिव केस हैं। रिकवरी रेट 90 फीसदी हो गई है।
सूबे में कोरोना का कहर
बिहार में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1543 नए मरीज मिले हैं। जिसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 153735 हो गई है। एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 15678 है। अभी तक कुल 137271 संक्रमित स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं