
नालंदा जिला में आधी रात दिल दहलाने वाली एक वारदात सामने आई है। बदमाशों ने पूर्व महिला को सरपंच को घर से खींचकर हत्या कर दी। मामला गिरियक थाना क्षेत्र की पुरैनी पंचायत के जलालपुर गांव की है। बताया जा रहा है कि मंगलवार की आधी रात को आठ की संख्या में आये बदमाशों ने घर से खींचकर महिला की गर्दन में गोली मार दी। जिससे संजय पासवान की पत्नी 46 साल की आशा देवी की मौके पर ही मौत हो गयी। वारदात के पीछे आपसी रंजिश और भूमि विवाद बताया जा रहा है।
दीवार फांदकर घर में घुसे बदमाश
संजय ने बताया कि आधी रात को दीवार फांदकर बदमाश घर में घुस गये। बदमाश आपस में गोतिया हैं। चुनाव में जीतने के बाद से ही आरोपितों से रंजिश चल रही थी। इसके अलावा गांव में 5 डिसमिल जमीन को लेकर भी आरोपितों से विवाद चल रहा था। इसी खुन्नस में घटना को अंजाम दिया गया। हत्या की सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
8 लोगों को बनाया गया आरोपी
थानाध्यक्ष राजीव रंजन राय ने बताया कि पति ने 8 लोगों को अभियुक्त बनाया है। मुख्य आरोपित तारकेश्वर चौधरी के अलावा सुरेन्द्र चौधरी, अनिल चौधरी, रामदेव चौधरी, प्रदीप चौधरी, श्याम बिहारी चौधरी, सुधीर चौधरी व सुरेन्द्र के खिलाफ हत्या की एफआईआर करायी गयी है। पुलिस ने छापेमारी कर सुरेन्द्र चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। शव परिजन को सौंप दिया गया है।
वारदात के बाद तनाव
ग्रामीणों की मानें तो गांव के दो गुटों के बीच वर्षों से विवाद चल रहा है। चुनावी रंजिश के अलावा भूमि विवाद भी इसका कारण है। महिला की हत्या के बाद गांव के दो गुटों के बीच तनाव बना हुआ है। ग्रामीण अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। एहतियात गांव में पुलिस की तैनाती की गयी है। हत्या के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। तीन बेटे व दो बेटियां मां को याद कर रो रही हैं।