
नालंदा जिलावासियों को सावधान करने वाली खबर है.आप जो सामान इस्तेमाल कर रहे हैं कहीं वो नकली तो नहीं है. क्योंकि बिहारशरीफ में छापेमारी कर 50 लाख से ज्यादा के नकली सामान बरामद हुए हैं. इन्हे धड़ल्ले से बाजार में बेचा जा रहा था.
बिहारशरीफ में छापेमारी
बिहारशरीफ के लहेरी थाना पुलिस ने छापेमारी कर भरावपर के तीन दुकानों से 50 लाख से ज्यादा के नकली सामान बरामद किए हैं । इन शृंगार दुकानों में हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी के दर्जनों नकली उत्पाद बेचे जा रहे थे। जिसकी शिकायत कंपनी के अधिकारियों ने की थी। जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी की
किन तीन दुकानों पर हुई कार्रवाई
भरावपर के जिन तीन दुकानों से नकली सामान बरामद किए गए हैं । उसमें आदर्श मार्केट के टॉप गिफ्ट, अरविंद स्टोर और भरावपर दुल्हन शृंगार नामक दुकान में हुई। तीनों प्रतिष्ठानों के मालिक राजेश कुमार, बब्लू कुमार और कृष्णा प्रसाद को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
हिंदुस्तान यूनिलीवर का क्या कहना है
कंपनी के फिल्ड मैनेजर प्रीतपाल सिंह ने बताया कि बिहारशरीफ में कंपनी के माल की बिक्री कम थी। हालांकि बाजार में धड़ल्ले से सामान बिक रहे थे। जांच में पता चला कि तीनों दुकान नामी कंपनियां के नकली क्रीम, पावडर, फेश वॉश, नेल पॉलिश और लिपस्टिक सहित अन्य सौंदर्य प्रसाधन होलसेल रेट में बेच रहे थे। इसकी पुष्टि होने के बाद दिल्ली से आयी अधिकारियों की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से इन दुकानों में छापेमारी की। छापेमारी में इन दुकानों से 1800 से अधिक प्रोडक्ट बरामद किये गये। इनका मूल्य करीब 50 लाख रुपये है।
क्या कहा थानाध्यक्ष ने
वहीं, लहेरी थाना के थानाध्यक्ष बिरेंद्र यादव ने बताया कि कंपनी कर्मियों की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर दुकानों से नकली उत्पाद बरामद किया। मौके से तीन दुकानदारों को पकड़ा गया। जिन पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।