
नगरनौसा थाने के हाजत में गुरुवार की शाम एक अधेड़ द्वारा फांसी लगा कर खुदकुशी किए जाने का मामला सामने आया। घटना के बाद पुलिस महकमें में हड़कम्प मच गया। आनन-फानन में अधेड़ को अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर ने मौत की पुष्टि कर दी। घटना की खबर मिलते ही पटना से कई वरीय पदाअधिकारियों समेत जिले के कई थानों की पुलिस भारी संख्या में सुरक्षा बलों के साथ पहुंच गए। पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। मृतक सैदपुरा गांव निवासी देवनंदन रविदास के पुत्र जदयू के महादलित प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष गणेश रविदास हैं। इलाके में थर्ड डिग्री से परेशान हो खुदकुशी किए जाने की चर्चा है।
चुप्पी साधे है अधिकारी
जिले के पुलिस पदाधिकारी घटना पर चुप्पी साधे हैं। मिली जानकारी के अनुसार 11 जून को थाने में एक किशोरी के अपहरण की एफआईआर कुछ लोगों को आरोपित कर दर्ज कराई गई थी। इस मामले में पुलिस ने एक दिन पूर्व एक महिला को गिरफ्तार किया। गणेश रविदास इस मामले में आरोपित नहीं थे। पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए बुलाई और हाजत में बंद कर दिया। जहां उन्होंने फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली।