
मुजफ्फरपुर के बाद अब चमकी बुखार का कहर नालंदा जिले में भी बरपने लगा है। पिछले 24 घंटे में नालंदा में चमकी बुखार से दो बच्चों की मौत हो गई. जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम को अलर्ट पर रखा गया है.
एकंगरसराय में दिव्यांशु की मौत
एकगंर थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव के दो साल के दिव्यांशु की मौत चमकी बुखार से हो गया है। बताया जा रहा है कि मदनपुर के रहने वाले मधुसूदन रविदास के दो साल के बेटे दिव्यांशु कुमार को मंगलवार की रात अचानक बुखार आ गया। जिसके बाद उसे इलाज के लिए एकंगरसराय के निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया। जहां से गंभीर स्थिति देखते हुए चिकित्सक ने उसे बिहारशरीफ रेफर कर दिया। बिहारशरीफ में मछली मंडी स्थित शिशु अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

सलेमपुर के प्रियांशु की मौत
वहीं इससे पहले बुधवार को इलाज के दौरान एक ढ़ाई साल के बच्चे की चमकी बुखार से मौत हो गई। प्रियांशु सोहसराय थाना के सलेमपुर मोहल्ला के दीपक पंडित का पुत्र था. बताया जाता है कि प्रियांशु को बीते शुक्रवार की रात तेज बुखार हुआ था। इसके बाद परिवार के लोग उसे इलाज के लिए निजी क्लीनिक में ले गए, जहां से चिकित्सक ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में बालक की स्थिति को देखते ही बिना समय गंवाए चिकित्सकों ने उसे पटना के एनएमसीएच रेफर कर दिया। जहां पर इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई।