
नालंदा जिला में लोगों ने एक बार फिर पुलिस थाने को निशाना बनाया है. दो दिन पहले हिलसा थाना पर लोगों ने हमला बोला था. अब औंगारी थाना पर लोगों ने पथराव किया है. जिसमें आधा दर्जन पुलिसवाले जख्मी हो गए हैं.
क्या है मामला
औंगारी में एक दीवार गिरने से छह साल के बच्चे की मौत हो गई. बच्चे का नाम दीपक था और वो औंगारी गांव के ही रहने वाले धनंजय यादव का बेटा था. लोगों के मुताबिक पड़ोस के घर में एक पेड़ काटकर गिराया गया था. इस दौरान एक दीवार गिर पड़ा और पड़ोसी का बच्चा दब गया
गिरफ्तारी की मांग को लेकर घेराव
हादसे के बाद बड़ी संख्या में गांव वाले औंगारी थाना पहुंच गए और आरोपी को गिरफ्तारी की मांग करने लगे. साथ ही मुआवजे की मांग कर रहे थे. इसी दौरान लोग भड़क उठे.
पुलिस को करनी पड़ी हवाई फायरिंग
नाराज लोगों ने थाने पर पथराव शुरू कर दिया. जिसमें आधा दर्जन पुलिसवाले जख्मी हो गई. घायल सिपाहियों में राजू राज, कुमार सानू भट्ट, चंदन कुमार और प्रियतम कुमार हैं जिन्हें इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. भीड़ ने औंगारी थाना के जीप को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया. बचाव में पुलिस ने आधा दर्जन राउंड फायरिंग की. हालांकि पुलिस इससे इनकार कर रही है. नालंदा एसपी निलेश कुमार का कहना है कि भारी पथराव के बीच पुलिस वाहन पर पत्थर गिर रहे थे. जिसकी आवाज को लोगों ने फायरिंग समझ लिया. इस उपद्रव में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा.
इसे भी पढ़िए-नालंदा में बवाल, हिलसा थाना पर हमला, DSP से की हाथापाई..VIDEO देखिए
आसपास के थाना को भेजा गया
पुलिस बल की कमी के बीच हालात अनियंत्रित होता देख थाना प्रभारी में जिला मुख्यालय को इस बाबत त्राहिमाम संदेश भेजा तब वरीय अधिकारी से लेकर आसपास की थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और बलपूर्वक भीड़ को नियंत्रित किया जा सका.