
बिहार में एक बार फिर से शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन होगा। बिहार बोर्ड ने बिहार राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा (State Teacher Eligibility Test) यानी STET की तिथि की घोषणा कर दी गई है. ये 7 नवंबर, 2019 को आयोजित की जाएगी.
कब तक है फॉर्म भरने की आखिरी तारीख
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) के अध्यक्ष आनंद किशोर (Anand Kishor)के मुताबिक STET की परीक्षा 7 नवंबर, 2019 को आयोजित की जाएगी. इसके लिए 9 सितंबर से 18 सितंबर तक फॉर्म भरा जाएगा.
कट ऑफ भी घोषित
बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर के मुताबिक इस बार की परीक्षा का कट ऑफ सामान्य वर्ग (General Category) के लिए 50 प्रतिशत, SC-ST और दिव्यांग के लिए 45 प्रतिशत होगा.
37 हजार से अधिक रिक्तियां
आनंद किशोर ने बताया कि क्लास 9 और 10 के लिए 25 हजार 270 शिक्षकों की रिक्तियां विज्ञापित की जा रही हैं. जबकि उच्च माध्यमिक के लिए 12 हजार 65 रिक्तियां होंगी. खास बात ये कि जितनी रिक्तियां विज्ञापित होंगी उतना ही रिजल्ट घोषित किया जाएगा. मेधा सूची कोटि और अंक के अनुसार तैयार किए जाएंगे.
7 विषयों के लिए होगी परीक्षा
बिहार राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा (State Teacher Eligibility Test) यानी STET के तहत सात विषयों के लिए परीक्षा ली जाएगी. एक प्रश्न के चार विकल्प होंगे और निगेटिव मार्किंग नहीं किए जाएंगे. उच्च और उच्चतर दोनों के लिए बीएड की डिग्री अनिवार्य होगी. हालांकि कंप्यूटर साइंस में आवेदन करने वालों के लिए बीएड डिग्री अनिवार्य नहीं है. उन्होंने बताया कि शारीरिक शिक्षक के लिए भी परीक्षा का आयोजन किया जाएगा.
किस विषय में कितनी सीटें
माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए 9वीं और 10वी में अंग्रेजी में 5054, गणित के लिए 5054, सामाजिक विज्ञान के लिए 5054, विज्ञान के लिए 5054, हिंदी के लिए 3000, संस्कृत के लिए 1054 और उर्दू के लिए 1000 रिक्तियां हैं.
क्या है आयु सीमा
विभिन्न वर्गों के लिए अलग-अलग आयु सीमा का निर्धारण किया गया है. जिसमें सामान्य वर्ग के पुरूषों के लिए 37 वर्ष, सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए 40 वर्ष उम्र सीमा है. वहीं, पिछड़ा और अति पिछड़ा के लिए पुरुष और महिला दोनों के लिए 40 वर्ष उम्र सीमा रखी गई है.
कैसे करें आवेदन
इच्छुक उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए बिहार बोर्ड की वेबसाइट www.bsebstet2019.in को लॉगिन करना होगा. बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि B.Ed पास कर चुके छात्र ही इस परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं।