
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के इफ्तार और फलाहार संबंधी ट्वीट के बाद बिहार की सियासत में बवाल मचा हुआ है। अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सामने आ गए हैं। अमित शाह ने गिरिराज सिंह को कॉल किया और कहा कि ऐसे विवादित बयानों से बचें। इसके पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी तंज कस चुके हैं। हालांकि उन्होंने गिरिराज सिंह का नाम नहीं लिया, लेकिन इशारों ही इशारों में तंज जरूर कसा। वहीं उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने साफ कहा कि गिरिराज सिंह ने क्या ट्वीट किया है, हमें जानकारी नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि हमें हिंदू होने पर गर्व है और हम फलाहार भी करते हैं और इफ्तार भी करते हैं।
BJP President Amit Shah has called and asked Union Minister Giriraj Singh to avoid making statements (Singh tweeted pictures & commented on Bihar CM Nitish Kumar and other leaders attending 'Iftar' parties) pic.twitter.com/Wgc5XzOba3
— ANI (@ANI) June 4, 2019
बिना नाम लिए नीतीश ने कसा तंज
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इशारों ही इशारों में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर तंज कसा। मीडिया ने जब मुख्यमंत्री से गिरिराज सिंह के ट्वीट के संबंध में पूछा तो उन्होंने बिना नाम लिये कहा कि कुछ लोगों की कुछ भी बोलने की अादत है। मीडिया में बने रहने के लिए वैसे लोग कुछ भी बोलते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि कहा कि हम जो बोलते हैं, वहीं करते हैं। दूसरे लोगों की तरह नहीं, जो केवल बोलते हैं, करते हैं कुछ नहीं। उन्होंने कहा कि हमारी घोषणाएं 2020 से पहले पूरी होंगी। उन्होंने कहा कि बिहार में 25 अगस्त तक हर घर में प्रीपेड मीटर लग जाएंगे।
मुख्यमंत्री के समर्थन में आए सुशील मोदी
उधर उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने गिरिराज सिंह के बयान से खुद को किनारा किया। उन्होंने कहा कि गिरिराज सिंह के बयान की हमें जानकारी नहीं। हालांकि उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश का समर्थन किया अौर कहा कि सीएम आवास इफ्तार भी होता है, छठ भी होता है और होली भी होती है। उन्होंने कहा कि सीएम इफ्तार भी करते हैं, फलाहार भी करते हैं और छठ भी करते हैं। उन्होंने कहा कि जो इस मामले में तंज कस रहे हैं, उनसे पूछिए कि उनके यहां होली होती है क्या।
इस तरह शुरू हुआ राजनीतिक बखेड़ा
कितनी खूबसूरत तस्वीर होती जब इतनी ही चाहत से नवरात्रि पे फलाहार का आयोजन करते और सुंदर सुदंर फ़ोटो आते??…अपने कर्म धर्म मे हम पिछड़ क्यों जाते और दिखावा में आगे रहते है??? pic.twitter.com/dy7s1UgBgy
— Shandilya Giriraj Singh (@girirajsinghbjp) June 4, 2019
दरअसल, यह राजनीतिक बखेड़ा तब शुरू हुआ, जब केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ट्वीट कर राजनेताओं के इफ्तार पर कटाक्ष किया। गिरिराज सिंह ने रामविलास पासवान और जीतनराम मांझी की इफ्तार पार्टी की तस्वीरें पोस्ट करते हुए ट्वीट कर लिखा है कि ‘कितनी खूबसूरत तस्वीर होती जब इतनी ही चाहत से नवरात्रि पे फलाहार का आयोजन करते और सुंदर सुदंर फ़ोटो आते??…अपने कर्म-धर्म मे हम पिछड़ क्यों जाते और दिखावा में आगे रहते हैं?’ इसके बाद से बिहार में सियासी बवाल मचा हुआ है।