
12 सितंबर से चलने वाली नई स्पेशल ट्रेनों के लिए बुकिंग शुरू हो गई। टिकट काउंटर खुलने से पहले ही यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई। जैसे ही काउंटर खुले एसी थ्री और स्लीपर क्लास के सभी टिकट 5 मिनट के अंदर बुक हो गए। बाद में जब तत्काल के काउंटर खुले तो मुश्किल से चार-पांच लोगों को टिकट मिल पाया। नई दिल्ली और आनंद विहार जाने वाली ट्रेनों के टिकट के लिए यात्रियों में होड़ लगी थी।
28 सितंबर तक टिकट नहीं
28 सितंबर तक दिल्ली जाने वाली किसी ट्रेन में कंफर्म टिकट उपलब्ध नहीं है। कुछ तिथियों में एसी टू में कुछ टिकट शो कर रहे थे। मसलन, 02367 भागलपुर-आनंद विहार स्पेशल में 24 सितंबर तक किसी क्लास में कंफर्म टिकट नहीं है। 24 सितंबर के बाद 29 सितंबर तक एसी टू में कुछ टिकट शो कर रहे थे।
वेटिंग लिस्ट 200 के पार
ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 200 के पार चली गयी. आइआरसीटीसी की ऑफिशियल वेबसाइट भी क्रैश हो गयी. जंक्शन पर एक भी यात्री को कंफर्म टिकट नहीं मिला. जंक्शन स्थित काउंटर पर यात्री जब तक फॉर्म भर कर देते, तब तक कर्मचारियों ने बताया कि ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट हो गयी.
दिल्ली से आनेवाली ट्रेनों में पर्याप्त सीटें
दिल्ली से बिहार आनेवाली यानी डाउन ट्रेनों में अब भी पर्याप्त सीटें उपलब्ध हैं। 12 सितंबर से देशभर में 80 और स्पेशल ट्रेनों की शुरुआत हो रही है। इनमें से 20 ट्रेनें पूर्व मध्य रेल क्षेत्र से गुजरेंगी। आठ ट्रेनें पूर्व मध्य रेल के विभिन्न स्टेशनों से ओरिजनेट व टर्मिनेट होंगी, जबकि 12 ट्रेनें बिहार के विभिन्न स्टेशनों से रुकते हुए गुजरेंगी। ये पहले से चल रही ट्रेनों के अतिरिक्त हैं।
छठ के समय भी लंबी वेटिंग लिस्ट
स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में छठ के लिए सीट बुक हो गयी है. 15 से 19 नवंबर तक वेटिंग लिस्ट 200 के पास चली गयी है. वहीं नयी दिल्ली से आनेवाली ट्रेन में भी लंबी वेटिंग लिस्ट है. जिन यात्रियों को ट्रेन में जगह मिल गयी है, वे काफी खुश हैं.