
नालंदा और नवादा जिले में भीषण गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिली है. आज नालंदा और नवादा जिले में झमाझम बारिश हुई है. जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. लेकिन इस दौरान ठनका गिरने से दो लोगों की मौत हो गई है. जबकि तीन लोग बुरी तरह झुलस गए हैं. जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कहां गिरा ठनका
बताया जा रहा है कि नवादा जिले के कौवाकोल प्रखंड के पाली गांव में अचानक तेजी से बादल गरजा और कड़कड़ाते हुए बिजली गिरी। जबतक लोग कुछ समझ पाते उसकी चपेट में पांच लोग आ गए। इस घटना में जहां 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 3 लोग झुलस गए। घायल तीनों लोगो को आनन-फानन में पीएचसी ले जाया गया, जहां हालत को गंभीर देखते हुए तीनों को नवादा रेफर कर दिया गया। घटना के बाद गांव में कोहराम मचा हुआ है।
मृतकों की पहचान हुई
घटना में जिन लोगों की मौत हुई है उनमें भागीरथ महतो का पुत्र जितेंद्र महतो, व राम प्रसाद रविदास का पुत्र गांधी रविदास शामिल हैं। वहीं कुलदीप रविदास का पुत्र जितेंद्र कुमार,उमेश चौधरी का पुत्र सतोष कुमार, बासु चौधरी का पुत्र कमलेश कुमार गंभीर रुप से घायल है। जिला परिषद पति संजय कुमार के मुताबिक पाली गांव में हल्की-हल्की बूंदाबांदी हो रही थी . इस दौरान बारिश से बचने के लिए पांच लोग पेड़ के नीचे छुप गए. लेकिन ठनका गिरने से घटनास्थल पर ही 2 लोगों की मौत हो गई जबकि 3 लोगों को नवादा अस्पताल में भर्ती कराया गया है . जहां तीनों की हालत स्थिर बतायी जा रही है