
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे एक पुलिसकर्मी पर भड़क गए. मामला राज्य के सिवान जिले का है. स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे यहां एक अस्पताल का शिलान्यास करने आए थे. यहां कार्यक्रम स्थल पर तैनात एक सुरक्षाकर्मी मंगल पांडे को पहचान नहीं पाए और इस बात से मंत्री नाराज हो गए. मंत्री मंगल पांडे ने मौके पर तैनात वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से पुलिसकर्मी को सस्पेंड करने की बात कही. हालांकि, अभी तक उस पुलिसकर्मी को सस्पेंड किया गया है नहीं इस बारे में जानकारी सामने नहीं आई है.
क्या है पूरा मामला
दरअसल, 13 फरवरी को सिवान के हुसैनगंज प्रखंड में एक निजी अस्पताल का शिलान्यास था. जिसमें बिहार के राज्यपाल फागू चौहान मुख्य अतिथि थे. राज्यपाल के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. राज्यपाल फागू चौहान के आने के बाद पूरा महकमा उनकी सुरक्षा में जुट गया.
#WATCH Bihar Health Minister Mangal Pandey asks for suspension of a police officer who fails to recognise the minister; The police officer was deputed for security at the foundation stone laying ceremony of a hospital in Siwan yesterday. pic.twitter.com/gsG71WwsdD
— ANI (@ANI) February 15, 2020
दारोगा ने मंत्री को नहीं पहचाना
राज्यपाल के आने के बाद बिहार के स्वास्थ्य मंत्री और सीवान के प्रभारी मंत्री मंगल पांडे भी पहुंचे. जिन्हें वहां मौजूद सुरापुर के एएसआई गणेश चौहान ने रोक दिया और परिचय पूछने लगा। एएसआई के व्यवहार से मंत्री भड़क गए और एसडीपीओ जितेंद्र पांडेय से कहा- सस्पेंड करवाईए इसे
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वीडियो
मंगल पांडे का ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. तेजस्वी यादव ने तो मंगल पांडे पर सत्ता की हनक का आरोप लगाया है. तो वहीं, कुछ लोग पुलिस वाले को गलत ठहरा रहे हैं। लोगों का कहना है कि पुलिसवाले को अपने मंत्री को पहचानना तो चाहिए ही. यहां पर ये भी बता दें कि मंगल पांडे 2013-17 तक बिहार बीजेपी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वर्तमान में वे बिहार के स्वास्थ्य मंत्री हैं और इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश के प्रभारी भी हैं।
Shocked to see how Bihar’s health minister is bragging about his entitlement. Assuming the Cop on duty couldn’t recognize the minister & requested for identification, does it behove of a minister to publicly threaten & humiliate him? Power drunk minister shd be suspended instead pic.twitter.com/kqMjrcB0Tu
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) February 15, 2020
इससे पहले भी हुई थी आलोचना
इससे पहले मुजफ्फरपुर में एक्युट इंसेफ्लाइटिश सिंड्रोम (एईएस) से जब सैकड़ों बच्चों की मौत हो गई थी तब भी स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे चर्चा में आए थे.
भारत-पाकिस्तान मैच के बारे में पूछ रहे थे
दरअसल, उस घटना के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन मुजफ्फरपुर में बच्चों की मौत के मामले पर प्रेस ब्रीफिंग कर रहे थे. इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे मौजूद थे. प्रेस ब्रीफिंग के दौरान ही वह भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे मैच का स्कोर पूछ रहे थे. इस घटना का वीडियो भी काफी वायरल हुआ था और लोगों ने बिहार के स्वास्थ्य मंत्री की काफी आलोचना की थी.