
बिहार परिवहन विभाग ने सरकारी बस पर सफर करने वाले यात्रियों को लिए नए साल साल पर तोहफा दिया है । यात्रियों को किराये में 10 प्रतिशत की छूट मिल सकती है। बस इसके उन्हें चलो कार्ड बनवाना होगा। परिवहन विभाग ने चलो कार्ड योजना की शुरुआत कर दी है ।
क्या है चलो कार्ड योजना
चलो कार्ड बनवाने के लिए यात्रियों को परेशानी न हो . इसके लिए चलती बस में कंडक्टर ही कार्ड बना देते हैं। इस कार्ड से 10 प्रतिशत किराये की छूट तो मिलेगी ही साथ ही नकद किराया देने में खुदरा आदि के झंझट से छूटकारा मिलेगा। पहले चरण में पटना के अलावा बिहटा, हाजीपुर और बिहारशरीफ में इसकी शुरुआत की गयी है। मार्च के बाद पूरे राज्य में सरकारी बसों पर चलो कार्ड बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
मन मुताबिक करा सकते हैं रिचार्ज
पहली बार 100 रुपया लेकर कार्ड बनाया जा रहा है। हालांकि इस 100 रुपये का भी किराये के रूप में उपयोग किया जा सकता है। यानी कार्ड बिल्कुल मुफ्त बन रहा है। 100 रुपये कार्ड रिचार्ज के लिए जा रहे हैं। दोबारा रिचार्ज कराने पर 10 प्रतिशत राशि अधिक मिलेगी। अगर दोबारा रिचार्ज कराते हैं तो 100 रुपये के रिचार्ज पर 110 रुपया मिलेगा। कार्ड से भुगतान करने पर स्लीप भी दिया जाएगा।
10 रुपए से 3000 रुपए के बीच तक होगा रिचार्ज
प्रीपेड कार्ड को अपनी जरूरत के अनुसार रिचार्ज करा कर सिटी बसों में यात्रा कर सकते हैं। यह 10 रुपए से 3000 रुपए के बीच रिचार्ज हो सकता है। इसे किसी भी बस में कंडक्टर से खरीदा और रिचार्ज कराया जा सकता है। इसका बैलेंस कभी अमान्य नहीं होता। इसमें एक टैप से एक सेकंड में पेमेंट कर सकते हैं। यह कार्ड वॉलेट की तरह काम करेगा। कंडक्टर इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन द्वारा इस कार्ड से पेमेंट लेगा।यात्रा करने वालों के लिए प्रीपेड ट्रैवल कार्ड बस में कंडक्टर के पास मिलेगा। इस कार्ड में आप राशि भरवाकर रख सकते हैं। सिटी बसों में यात्रा के दौरान खुदरा पैसा की जरूरत नहीं पड़ेगी।मासिक पास से दूसरा व्यक्ति यात्रा नहीं कर सकता है। मोबाइल पास और स्मार्ट कार्ड पास पर तस्वीरें रहेंगी। जबकि प्री-पेड पास लेकर कोई भी यात्रा कर सकता है।
चलो एप में मिलेगी जानकारी
यात्रियों की सुविधाओं का ख्याल रखते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने मोबाइल पास और प्रीपेड ट्रैवल कार्ड के साथ ही चलो मोबाइल ऐप तैयार किया है। ”चलो” मोबाइल ऐप भी लांच किया गया। इस ऐप से घर बैठे यात्री मोबाइल पास बना लेंगे। ”चलो” ऐप से सिटी बसों के स्टॉपेज पर आने की जानकारी मिलेगी। चलो नि:शुल्क मोबाइल एप है, जिसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करना होगा। इस एप से मंथली पास बनवाने की सुविधा के साथ-साथ बस का लोकेशन भी प्राप्त कर सकेंगे। इससे बस स्टॉप पर देर तक खड़े होकर बस का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। घर से निकलने से पहले ही जान सकेंगे कि बस स्टॉप पर बस कितनी देर में पहुंचने वाली है, किस नंबर की बस आसपास में है। बसों में जीपीएस व सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इससे बसों में सफर करने वाली आधी आबादी खुद को सुरक्षित महसूस कर सकेंगी।