
नालंदावासियों को शनिवार को भी चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने शनिवार को भी बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को नालंदा जिला में 5 मिलीलीटर बारिश हो सकती है। साथ ही आसमान में बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को नालंदा जिला का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने की संभावना है। साथ ही 12 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से पुरबैया हवा चलने का अनुमान है।
शुक्रवार को फुहार ने दिलाई राहत
गुरुवार रात को नालंदा जिला में झमाझम बारिश हुई। गुरुवार को रात 10 बजे गरज के साथ बारिश शुरु हुई। बारिश से जहां एक ओर गर्मी से राहत मिली तो दूसरी ओर किसानों के चेहरे पर खुशियां लेकर आई। नालंदा जिला में सबसे ज्यादा बारिश सरमेरा में हुई । जबकि सबसे कम बिहारशरीफ प्रखंड हुआ। तेज आंधी के कारण बिहारशरीफ सदर अस्पताल में एक छोटा पेड़ गिर गया।
कहां कितनी बारिश हुई जानिए
सरमेरा में 76.2 mm
नूरसराय में 44.2 mm
रहुई में 40.2 mm
बिंद में 34.6 mm
नगरनौसा में 38.6 mm
थरथरी में 14.2 mm
एकंगरसराय में 45.2 mm
करायपरसुराय में 40 mm
चंडी में 21.6 mm
हिलसा में 12.4 mm
बिहारशरीफ में 4 mm
हरनौत में 18.6 mm
अस्थावां में 14.6 mm
राजगीर में 18.6 mm
सिलाव में 4.4mm
गिरियक में 7.2 mm
कतरीसराय में 6.8 mm
बेन में 6.4 mm
इस्लामपुर में 36.2 mm
परबलपुर में 17.4 mm बारिश हुई।
वैज्ञानिकों और बुजुर्गों के अलग-अलग मत
हरनौत केवीके के कृषि वैज्ञानिक डॉ. एनके सिंह ने बारिश को किसानों के लिए शुभ संकेत बताया। उन्होंने कहा कि 150 से 160 दिनों यानी लंबी अवधि वाले धान के बिचड़े डालने के लिए किसानों को तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। जो किसान खेत में ढैंचा लगाना चाहते हैं वो खेत की जुताई कर बीज डाल सकते हैं। बारिश मूंग और सब्जी फसलों के लिए लाभदायक है। वहीं, गांव के बूढे-बुजुर्गों का कहना है कि ये बारिश शुभ संकेत नहीं है। बुजुर्गों के मुताबिक रोहिणी नक्षत्र में बारिश नहीं होनी चाहिये। उनका कहना है कि रोहन तपता है तो मॉनसून अच्छा होता है। यदि रोहिणी नक्षत्र में बारिश होती है तो आगे चलकर मॉनसून की स्थिति अच्छी नहीं होती है।