
बिहारशरीफ को स्मार्टसिटी बनाने के लिए स्पेन की एक कंपनी भी सामने आई है। स्मार्टसिटी प्रोजेक्ट के लिए जिन 5 कंपनियों ने शनिवार को अपना टेंडर डाला है। उसमें स्पेन की कंपनी एप्टिसा सर्विसेज,मैड्रिड भी शामिल है।
किन पांच कंपनियों ने भरा है टेंडर
रुद्राभिषेक इंटरप्राइजेज, उत्तर प्रदेश
वैपकोस लिमिटेड, हरियाणा
एसआरईआई इंफ्रास्ट्रक्चर, कोलकाता
यूआरएस स्कॉट विल्सन, हरियाणा
एप्टिसा सर्विसेज, मैड्रिड- स्पेन
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट पर काम को करने के लिए टेंडर देने की प्रक्रिया में तकनीकी अनुभव को भी आधार बनाया जाएगा। काम के दौरान किसी तरह की तकनीकी अनुभवहीनता आड़े नहीं आए। नगर आयुक्त सौरव जोरवाल के मुताबिक टेंडर भरने की आखिरी तारीख 2 जून थी। शनिवार को तीन बजे तक पांच एजेंसियों ने टेंडर डाले थे। टेंडर पर काम चल रहा है। 9 जून को होने वाली बैठक के एजेंडे मे ये शामिल रहेगा।
स्मार्ट सिटी बिहारशरीफ में चौक चौराहों को भी स्मार्ट तरीके से विकसित किया जाएगा। साथ ही ओपन थियेटर भी बनाया जाएगा। बड़ी पहाड़ी पार्क को और आकर्षक बनाने के लिए लाइट एंड साउंड के साथ साथ लेजर शो भी लगाया जाएगा। इसके अलावा तालाबों का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा। जिसमें झरने भी लगाए जाएंगे। शहर में चिल्ड्रेन पार्क भी बनाए जाएंगे।
स्मार्ट बिहारशरीफ की रखवाली भी स्मार्ट तरीक से की जाएगी। बिहारशरीफ पुलिस को हाईटेक बनाया जाएगा। शहर की हर गतिविधियों पर नजर रखने के लिए नाइट विजन कैमरे लगाए जाएंगे। ये सभी सीसीटीवी कैमरे कमांड कंट्रोल सिस्टम से जुड़े रहेंगे। कंट्रोल रूम से पूरे शहर पर नजर रखी जाएगी। साथ ही ट्रैफिक को भी कंट्रोल किया जाएगा
आपको बता दें कि सिंगापुर के तर्ज पर बिहारशरीफ को स्मार्टसिटी बनाने का प्लान है । इसके लिए 2600 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। रामचंद्रपुर बस स्टैंड को भी हाईटेक बनाया जाएगा।