
नीतीश कुमार सातवीं बार बिहार की बागडोर संभालने जा रहे हैं. सोमवार को शाम 4:30 बजे वे सातवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. उन्होंने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया.
सुशील मोदी का पत्ता कटा ?
नीतीश कुमार आज अकेले राज्यपाल से मिलने राजभवन पहुंचे. उनके साथ साये की तरह चिपके रहने वाले सुशील कुमार मोदी उनके साथ नहीं थे. माना जा रहा है कि इस बार सुशील कुमार मोदी का पता कट गया है. उनकी जगह किसी और को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है.
शपथ ग्रहण की तैयारियां शुरू
सूबे में नयी सरकार के गठन की तैयारी लगभग पूरी कर ली गयी है. नीतीश कुमार सोमवार को एक बार फिर से मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारियां भी शुरू कर दी गयी हैं. पटना में नीतीश कुमार के साथ उनके मंत्री भी शपथ लेंगे. शपथ ग्रहण समारोह सोमवार की शाम चार बजकर तीस मिनट पर होगा
कौन कौन लेंगे मंत्री पद की शपथ?
नीतीश कुमार के साथ कई और विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. सूत्रों के हवाले से खबर है कि बीजेपी से तारकिशोर प्रसाद, डॉ. प्रेम कुमार, नंदकिशोर यादव, मंगल पांडेय और राणा रंधीर सिंह नीतीश कुमार के साथ मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. वहीं, जेडीयू की ओर से श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, विजेंद्र यादव और संजय झा को मंत्री बनाया जा सकता है।