
झारखंड के हजारीबाग में बड़ा बस हादसा हुआ है । पटना से कोलकाता जा रही बस में अचानक आग लग गई और देखते देखते पूरी बस जलकर राख हो गई।
क्या है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि मां वैष्णवी नामक यात्री बस सुबह करीब चार बजे पटना से कोलकाता के लिए खुली थी। बस जैसे ही झारखंड के
बरकट्ठा के गोरहर थाना क्षेत्र के बड़कीटांड फोरलेन एनएच 2 चौक के पास पहुंची. वैसे ही बस में आग लग गई. बताया जा रहा है कि मां वैष्णवी नामक यात्री बस में आग टायर से शुरू हुई और कुछ ही देर में पूरी बस जलकर राख हो गयी.
ड्राइवर ने बचा ली यात्रियों की जान
हादसे की भयावहता भांपते हुए चालक ने सूझबूझ दिखायी और आग पर नजर पड़ते ही बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया जिसके बाद सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गये. सूचना के बाद गोरहर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सभी यात्रियों को दूसरे वाहन से गन्तव्य स्थान के लिए भेज दिया. बताया जा रहा है कि बस लंबी दूरी से बिना रुके आ रही थी जिससे टायर गर्म हो गया और आग लग गयी.