
SC/ST एक्ट में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के विरोध में भारत बंद बुलाया गया था । नालंदा के बिहारशरीफ, इस्लामपुर, हिलसा, नगरनौसा समेत अलग इलाकों में बंद बुलाया गया । सुबह सात बजे से ही प्रदर्शनकारी सड़क पर उतर गए। बिहारशरीफ में हॉस्पीटल मोड़ पर सोमवार सुबह से प्रदर्शनकारियों ने जाम लगा दिया। गाड़ियों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी। जिससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा ।
बिहारशरीफ के बड़े नेता के घर भीषण डकैती
इतना ही नहीं प्रदर्शनकारियों ने शहर के अलग-अलग हिस्सों जैसे पुलपर, भरावपर, सोहसराय, खंदकपर, नई सराय, देवी सराय आदि जगहों में घुमकर दुकानों को बंद कराया। कई जगहों पर दुकानदार और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई । प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर और पुआल जलाकर भी अपना विरोध प्रदर्शन किया।

थम गई थी बिहारशरीफ
बंद की वजह से सडकों पर कर्फ्यू से हालात थे । गाड़ियां नहीं चल रही थी । सिर्फ प्रदर्शनकारी ही दिख रहे थे । ऑटो, ई रिक्शा और चारपहिया वाहनों को भी नहीं चलने दे रहे थे । कई जगह पर दोपहिया वाहनों और प्रदर्शनकारियों के बीच नोंक झोंक हुई । प्रदर्शनकारियों ने बिहारशरीफ में श्रमजीवी एक्सप्रेस को भी रोके रखा । बिहारशरीफ से गुजरने वाली एनएच 31 भी जाम रहा । बंद के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे । हर चौराहे पर पुलिसबल तैनात थे । हालांकि पुलिसवाले प्रदर्शनकारियों को रोकटोक नहीं कर रहे थे । ऐसे में ये कहा जा सकता है कि बंद पूर्णत सफल रहा । बंद को लेफ्ट, आरजेडी, कांग्रेस, हम का समर्थन प्राप्त था ।