
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मामले में सीबीआई जांच शुरू हो गई है। केंद्र सरकार ने इसके लिए अधिसूचना जारी कर दी है. जो सीबीआई को मिल गई है। जिसके बाद सीबीआई जांच के लिए तैयारी शुरू कर दी है. उधर केंद्र सरकार द्वारा सीबीआई जांच की मंजूरी मिलने के सीएम नीतीश ने स्वागत किया है।
सीएम नीतीश ने कहा- न्याय मिलेगा
केंद्र सरकार ने सुशांत सिंह राजपूत के मौत मामले की जांच सीबीआई से कराने के निर्देश दिए है. जिसका मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वागत किया और केंद्र सरकार को धन्यवाद कहा. नीतीश कुमार ने कहा कि सुशांत सिंह राजपूत के पिता द्वारा पटना में दर्ज कराए गए मामले की सीबीआई जांच कराने हेतु राज्य सरकार की अनुशंसा को केंद्र ने स्वीकार कर लिया है. इसके लिए केंद्र सरकार को धन्यवाद. आशा है कि अब बेहतर जांच हो सकेगी और न्याय मिल सकेगा.
ED ने रिया चक्रवर्ती को बुलाया
दूसरी ओर अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के लिए मुश्किलें बढ़ गईं हैं. मनी लॉन्ड्रिंग केस में प्रवर्तन निदेशालय ने पूछताछ के लिए रिया चक्रवर्ती को 7 अगस्त को बुलाया है. सुशांत के पिता केके सिंह ने पटना में एफआईआर कर रिया पर कई आरोप लगाए थे.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा- सच्चाई सामने आनी चाहिए
सुशांत सिंह राजपूत से जुड़े मामले पर बुधवार को सुनवाई करते हुए उच्चतम न्यायालय ने कहा कि प्रतिभाशाली अभिनेता की मौत के पीछे की सच्चाई सामने आनी चाहिए. केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने न्यायालय में कहा कि बिहार सरकार द्वारा मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की सिफारिश स्वीकार कर ली गई है.
बिहार पुलिस भी कर रही है जांच
बिहार पुलिस ने मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और उनके परिवार के तीन सदस्यों सहित अन्य पांच के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा-306 (आत्महत्या के लिए उकसाने), धारा-341 (गलत तरीके से रोकने), धारा-342 (अवैध तरीके से बंधक बनाने), धारा-380 (घर में चेारी), धारा-406 (भरोसा तोड़ना) और धारा-420 (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज किया है. रिया के अलावा उनके जिन तीन रिश्तेदरों को नामजद किया गया है उनके नाम, इंद्रजीत चक्रवर्ती, संध्या चक्रवर्ती और शोभिक चक्रवर्ती है. इसके अलावा सैमुअल मिरांडा और श्रृति मोदी को भी नामजद किया गया है।
14 जून को हुई थी मौत
आपको बता दें कि 34 साल के सुशांत सिंह राजपूत 14 जून को मुंबई के बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में फंदे से लटके हुए मिले थे. तब से मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है.