
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के जूनियर इंजीनियरों को मॉनसून तोहफा दिया है। बिहार सरकार ने जूनियर इंजीनियरों का मानदेय बढ़ाने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बिहार कैबिनेट की बैठक हुई। जिसमें कुल चार एजेंडों पर मुहर लगायी गयी। कैबिनेट की बैठक में नगर विकास विभाग के जूनियर इंजीनियरों के मानदेय में बढ़ोतरी का फैसला किया गया। अब जूनियर इंजीनियरों को मानदेय के रूप में 27 हजार रुपये मिलेंगे। साथ ही जल संसाधन विभाग के 40 जूनियर इंजीनियरों की सेवा को एक वर्ष के लिए बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा जहानाबाद के कुष्ठ नियंत्रण इकाई के डॉक्टर रेहान अशरफ को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। वहीं बिहार पीड़ित प्रतिकार संशोधन स्कीम-2018 को मंजूरी दी गयी। इस योजना के तहत तेजाब हमला, बलात्कार, शारीरिक शोषण, मानव व्यापार के पीड़ितों के पुनर्वास, यौन हमले के पीड़ितों के मुआवजे में वृद्धि का प्रस्ताव पारित किया गया है। अब पीड़िताओं को तीन लाख की जगह 6 लाख रुपए का मुआवजा मिलेगा। साथ ही हर जिले में निधि के गठन का फैसला भी लिया गया है।