
शेखपुरा शहर में पानी की समस्या गंभीर होते जा रही है। पानी की गंभीर समस्या झेल रहे लोग शेखपुरा कलेक्ट्रेट पहुंचे और सामूहिक रूप से अपनी शिकायत दर्ज कराई। अपनी व्यथा सुनाने आये लोगों ने कहा कि पानी की इस समस्या को लेकर वे लोग ढ़ाई महीने से नगर परिषद् से लेकर डीएम तक गुहार लगा रहे हैं। इन लोगों ने बताया कि पानी के बिना ही तीज और जिउतिया के साथ दशहरा गुजर गया। अब पानी के बिना दिवाली और छठ कैसे बीतेगा, इसकी चिंता से लोग परेशान हैं।
पानी दिलाइए नहीं तो चक्का जाम
डीएम तथा लोक जनशिकायत में अपनी परेशानी सुनाने आये लोगों ने बताया कि सप्ताह भर में पानी की इस विकट समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे लोग मिलकर सामूहिक रूप से शहर में चक्का जाम करेंगे। ये लोग शहर के कमिश्नरी तथा पुलपर मोहल्ले के रहने वाले थे। लोगों ने बताया कि इन मोहल्लों में कलेक्ट्रेट के पास स्थित पुराने पंप हाउस से पानी से सप्लाई की जाती थी। पहले भी पानी काफी मात्रा में मिलता था और अब तो ढ़ाई महीने से पानी की सप्लाई पूरी तरह से बंद है। लोगों ने बताया कि पानी की समस्या की वजह से इन मोहल्ले के कई परिवार घर-वार छोड़कर चले गए हैं। स्थानीय लोगों ने इन मोहल्लों में पानी की इस विकट समस्या के स्थाई निदान के लिए बड़ी संगत पर नलकूप गाड़ने की मांग की है।