
नालन्दा जिला में बिजली चोरी रोकने के लिए विद्युत विभाग लगातार छापेमारी कर रही है। इस सिलसिले में एक आइसक्रीम फैक्ट्री मालिक पर गाज गिरी है। बिजली विभाग ने केस दर्ज किया है साथ ही जुर्माना भी लगाया है।
क्या है पूरा मामला
बेन बाजार में आइसक्रीम फैक्ट्री को अवैध बिजली से चला रहे संचालक धर्मवीर कुमार पर केस दर्ज करायी गयी है। छापेमारी में बिजली विभाग की टीम ने पाया कि दिखाने के लिए बिजली का कनेक्शन तो ले रखा था।लेकिन दूसरा कनेक्शन जोड़कर बिजली चोरी कर रहा था।
दो साल से कर रहा था गोरखधंधा
बेन क्षेत्र के बिजली विभाग के अभियंता धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि यह फैक्ट्री लगभग दो साल से चलायी जा रही थी, जब इसकी जानकारी विभाग को मिली तो इस मामले की जांच-पड़ताल की गई तो उसकी फैक्ट्री में बिजली का वैध कनेक्शन पाया गया। लेकिन वह अंदर से दूसरा कनेक्शन जोड़कर बिजली चोरी कर रहा था।
मालिक फरार, जुर्माना भी ठोका
संचालक किसी तरह फरार हो गया। बिजली विभाग ने संचालक पर एक लाख 92 हजार तीन सौ इकसठ रुपए जुर्माना किया है। संचालक माड़ी गांव का बताया जा रहा है।