
बिहारशरीफ नगर निगम में सियासी उठापटक अभी थमा ही था कि नालंदा के इस्लामपुर नगर पंचायत में सियासी जंग शुरू हो गयी है। इस्लामपुर नगर पंचायत की मुख्य पार्षद संगीता साहू के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है .
29 जुलाई को अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा
कार्यपालक पदाधिकारी नवीन कुमार के मुताबिक मुख्य वार्ड पार्षद संगीता साहू के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव की सूचना वार्ड पार्षदों और जिला पंचायती राज पदाधिकारी को दे दी गयी है। 19 सदस्यीय नगर पंचायत में वार्ड संख्या 8 और 14 के रिक्त रहने के कारण कुल 17 वार्ड पार्षद ही हैं। अविश्वास प्रस्ताव लाने की सूचना के साथ ही 29 जुलाई को विशेष बैठक बुलाये जाने की भी जानकारी दे दी गयी है। इस दिन पहले अविश्वास प्रस्ताव पर बहस होगी। इसके बाद जरूरत पड़ी तो चुनाव कराया जाएगा।
सांसद कौशलेंद्र कुमार का आशीर्वाद प्राप्त था
इस्लामपुर नगर पंचायत में मुख्य पार्षद के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की खबर मिलते ही राजनीतिक के गलियारों में हलचल मच गई है. मुख्य वार्ड पार्षद सांसद कौशलेंद्र कुमार की करीबी ही नहीं खास मानी जाती हैं। कहा जाता है कि संगीता साहू को मुख्य पार्षद की कुर्सी पर बैठाने में उनके पति संजय साहू के साथ ही सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने अहम भूमिका निभायी थी। 17 वार्ड पार्षदों में मात्र 7 के द्वारा आवेदन दिया जाना किसी बड़े शतरंज के खिलाड़ी का पासा के समान माना जा रहा है। लेकिन, अविश्वास प्रस्ताव लाकर सरकार को गिराने में कौन पार्षद पर्दे के पीछे रहकर खेल रहा है यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा। फिलहाल नगर पंचायत में चर्चा का विषय बना है कि एक तरफ सांसद के लोग लगे हैं तो दूसरी तरफ मुख्य पार्षद से नाराज खेमा। अब देखना होगा कि सरकार बनाने में किसका पासा काम आता है।