
कोरोना वायरस (Corona virus) का असर अब राजनीतिक दलों पर भी पड़ने लगा है. कोरोना वायरस की वजह से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने आज से राजगीर में आयोजित कार्यकर्ता प्रशिक्षण को रद्द कर दिया है. तो वहीं, लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) ने ‘बिहार 1st, बिहारी 1st’ यात्रा अगले कुछ दिनों के लिए स्थगित कर दिया है.
तेजस्वी ने रद्द किया प्रशिक्षिण शिविर
दरअसल, आरजेडी ने 14-15 मार्च को नालंदा के राजगीर में पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया था. इसकी पूरी तैयारी कर ली गई थी. लेकिन कोरोना वायरस के खतरे की वजह से नेता तेजस्वी यादव ने प्रशिक्षण शिविर कार्यक्रम के आयोजन को स्थगित कर दिया.
राष्ट्रीय जनता दल कानून को मानने वाली पार्टी हैं राजगीर कन्वेंशन सेंटर का अनुमति रद्द करने की प्रशासन के गाइडलाइन को मानते हुए @RJDforIndia के प्रशिक्षण शिविर स्थगित किया गया है – @yadavtejashwi pic.twitter.com/3Vb9fWbOH1
— Om Prakash Yadav (@omprakashrjd) March 13, 2020
चिराग पासवान ने रोकी यात्रा
वहीं, लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ‘बिहार 1st, बिहारी 1st’ अभियान के तहत पूरे बिहार की यात्रा कर रहे थे. 14 फरवरी को पटना के गांधी मैदान से कार्यक्रम शुरू होने के बाद उन्होंने कई जिलों का दौरा भी किया, लेकिन फिलहाल कोरोना वायरस की वजह से इस कार्यक्रम को भी स्थगित करने का फैसला किया गया. चिराग पासवान ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी ने यात्रा को तब तक स्थगित करने का निर्णय लिया है जब तक कोरोना वायरस को नियंत्रित नहीं किया जाता.
CORONA VIRUS की गम्भीरता को देखते हुए लोक जनशक्ति पार्टी ने #बिहार1stबिहारी1st यात्रा एवम रैली को स्तिथि के नियंत्रित होने तक स्थगित करने का फ़ैसला लिया है।
— युवा बिहारी चिराग पासवान (@ichiragpaswan) March 13, 2020
नीतीश सरकार का बड़ा फैसला
बता दें कि कोरोना वायरस (Coronavirus) के खतरे को देखते हुए बिहार में नीतीश कुमार की सरकार ने शुक्रवार को बड़ा फैसला लेते हुए 31 मार्च तक सभी स्कूल-कॉलेजों को बंद करने का फैसला लिया है. इसके साथ ही राज्य में होने वाली सभी परीक्षाएं भी कैंसिल कर दी गई हैं.
बिहार दिवस कार्यक्रम भी रद्द
बिहार दिवस के कार्यक्रम को रद्द किया गया है. सभी स्पोर्ट्स और कल्चरल इवेंट्स रद्द कर दिए गए हैं. इसके अलावा सरकार ने कहा है कि सभी पार्क और जू भी बंद रहेंगे. इस बात का निर्णय एक अणे मार्ग स्थित सीएम आवास (CM House) पर हाईलेवल मीटिंग में लिया गया.