
पावापुरी मोड़ के पास पुलिस ने तीन चोरों को रंगे हाथ दबोच लिया। हालांकि दो चोर भागने में सफल रहे। पुलिस ने बाद में छापेमारी कर एक चोर को गिरफ्तार कर लिया। आधी रात के करीब पांच चोर ज्वेलर्स दुकान के आगे कपड़ा टांगकर ताला तोड़ने में लगे थे। तभी गश्ती कर रही पुलिस को शक हुआ और चोरों को पकड़ लिया। उनके पास दो बाइक, गैस कटर समेत चोरी में उपयोग होने वाले कई औजार बरामद किये गये हैं। इधर, चर्चा है कि पकड़ा गया गिरोह कई जिलों में चोरी की घटना को अंजाम दे चुका है। गश्ती के दौरान पुलिस को जलमंदिर रोड में कल्याण ज्वेलर्स नामक दुकान के पास पहुंचते ही पर्दा टंगा देखकर शक हुआ। वहां से हल्की खट-खट की आवाज आ रही थी। गाड़ी से उतरकर पर्दा हटाया तो उसके अंदर का नजारा देखकर चौंक गये। अंदर चोर कई औजारों की सहायता से दुकान के करीब सभी ताले काट चुके थे। पुलिस को देखकर चोरों ने भागने की कोशिश की। दो तो अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गये। तीन चोरों को पुलिस ने दबोच लिया। उनकी निशानदेही पर एक और को पकड़ा गया। बाइक और कटर के अलावा हथौड़ी, छेनी, रेती आदि औजार मिले हैं।पकड़े गये चोरों में शेखपुरा जिला निवासी मंटू विश्वकर्मा, सुनील कुमार, पटना जिला के बड़हिया निवासी गौतम कुमार और लखीसराय जिला के इंदुपुर गांव निवासी विकास कुमार शामिल हैं। बहरहाल चोरी की घटनाओं से परेशान पावापुरी के लोगों ने राहत की सांस ली है।