
बिहारशरीफ विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है । मंगलवार को मुख्य आरोपी मरहूम सरफराज की पत्नी भी जिंदगी की जंग हार गयी। सोमवार को उसकी मां की इलाज के दौरान मौत हो गयी थी। इस तरह से सरफराज के परिवार के सात लोगों की अबतक मौत हो चुकी है। वहीं आधा दर्जन से अधिक लोग जख्मी हैं, जिनमें से कई का इलाज पीएमसीएच में चल रहा है। अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट से सरफराज का पूरा परिवार तबाह हो गया। घर में अब कुछ बच्चे ही बच गये हैं। वे भी अस्पताल में मौत से लड़ रहे हैं।
इन लोगों की अबतक हो चुकी है मौत :-
विस्फोट में सबसे पहले पड़ोसी मुन्ना पंडित की जान चली गयी थी। जबकि मलबे से सरफराज के बेटे सरताज, बेटी कनीज फातिमा, एक माह की बच्ची समाइरा और संबंधी की पुत्री शाइस्ता परवीन की लाश निकाली गयी थी। इसके बाद पीएमसीएच में इलाज के दौरान सबसे पहले सरफराज की मौत हुई थी। उसके बाद उसकी मां शहनाज खातून की जान गयी। मंगलवार को पत्नी शहीना खातून का निधन हो गया। इस तरह से एक-एक कर आठ लोगों की मौत हो चुकी है।