
बिहारशरीफ में चार दिवसीय 108 कुंडिया मिनी अश्वमेघ यज्ञ के लिए कलश शोभा यात्रा निकाली गयी। शोभा यात्रा में 1151 महिलाएं और कन्याएं कलश लेकर शामिल हुईं। शोभा यात्रा रामचंद्रपुर गायत्री शक्तिपीठ से निकलकर मछली मंडी, भरावपर, पोस्ट ऑफिस रोड, पुलपर, गढ़पर, अंबेर चौक, भैंसासुर, अस्पताल चौक, रांची रोड होते हुए यज्ञ स्थल पहुंची। इस दौरान भक्तों ने गायत्री मंत्र का जाप किया। साथ ही जय श्रीराम, हम बदलेंगे युग बदलेगा, नशा न करना मान जा कहना… जैसे नारों से पूरा शहर गूंजता रहा। कलश शोभा यात्रा जब यज्ञ स्थल पहुंची और पूरे विधि विधान से कलश की स्थापना की गयी। इसके बाद बने 108 कुंडों में लोगों ने हवन किया। यज्ञ संयोजक रवींद्र प्रसाद सिन्हा के नेतृत्व में निकाली गयी शोभा यात्रा में निरंजन कुमार, कौशल कुमार, प्रमिला देवी, शारदा देवी, ब्रजकिशोर प्रसाद, तारकेश्वरी देवी, हरिहर प्रसाद, तृप्ति नारायण यादव, अभिमन्यु कुमार, अनील प्रसाद, गोपाल प्रसाद व अन्य लोग शामिल थे।
खुद से बदलाव का करें संकल्प
शांतिकुंज हरिद्वार से आयीं संत ज्योति कुमारी ने प्रवचन के दौरान कहा कि हम अच्छा बदलाव चाहते हैं। लेकिन खुद को नहीं बदलना चाहते। ऐसे में अच्छा बदलाव की चाहत बेमानी है। इसकी खुद से पहल करनी होगी। खुद बदलेंगे तभी जमाना बदलेगा। घर व परिवार में शांति व सुख का वातावरण बनेगा। तभी विश्व में भाईचारा व कल्याणकारी ताकतें बढ़ेंगी।