
दीपनगर थाना के कोसुक गांव में सड़क हादसे में एक छात्रा की मौत हो गई । जिसके बाद गांव वालों ने जमकर बवाल काटा । गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया और आगजनी की । बताया जा रहा है कि कई बच्चियां ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही थीं । लेकिन सड़क पार करते वक्त राजगीर की ओर से आ रहा ट्रैक्टर ने इन बच्चियों को रौंद दिया । जिसमें नौ साल की शिवानी कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई।
इसे भी पढ़िए-नालंदा पुलिस को बड़ी कामयाबी- सिंदूरिया गैंग के सरगना समेत 3 गिरफ्तार
जबकि दूसरी बच्ची गंभीर रूप से जख्मी हो गई । वहां मौजूद ग्रामीणों ने दौड़कर गाड़ी को पकड़ लिया, पर ड्राइवर भाग निकला। नाराज ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुये सड़क जाम कर दिया और दोषी ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग करने लगे । साथ ही मुआवजे की मांग कर रहे थे। हादसे की सूचना पाकर बीडीओ अंजन दत्ता, थानाध्यक्ष राहुल कुमार वहां पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। मुआवजे का आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने जाम हटाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराया और परिजन के हवाले कर दिया। बीडीओ ने तत्काल पारिवारिक लाभ के तहत 20 हजार रुपये दिये। मृतका की पहचान कोसुक के रहने वाले मुनिंद्र पासवान की बेटी शिवानी के रूप में हुई । घायल बच्ची रूपा कुमारी भी कोसुक गांव की ही रहने वाली है । उसके पिता का नाम रविंद्र पासवान है।