
बिहारशरीफ। उत्तरी बिहार बाढ़ के चपेट में है। लाखों घर जलमग्न हो चुके हैं। प्रभावित इलाके में ग्रामीण जिंदा रहने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। लाखों लोग तंबू में परिवार के साथ शरण लिए हैं। कई लोग एनएच के बीच में तंबू गाड़े हैं। जहां 24 घंटे मौत का खतरा भी मंडरा रहा है।
बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए नालंदा जिला के अस्थावां प्रखंड के युवाओं ने मदद का कदम बढ़ा दिया है। आपकी सेवा में अस्थावां संस्थान के तत्वाधान में बाढ़ पीड़ितों की सहायतार्थ सामग्री भेजी गई। जामा मस्जिद के इमाम ने बताया कि बाढ़ से लाखों की आबादी प्रभावित हुई है। संकट की इस घड़ी में अस्थावां के युवाओं ने सहयोग के कदम बढ़ा कर मिसाल कायम की है। संपन्न लोगों को भी मदद की पहल करनी चाहिए। बाढ़ की विभीषिका झेलने वाले लोग जिंदा रहने के लिए हर दिन जद्दोजहद करते हैं। बाढ़ समाप्त होने के बाद ग्रामीण महामारी और जलीय जीवों के शिकार बनते हैं। ऐसे लोगों के सहयोग में लोगों को बढ़-चढ़कर हाथ बढ़ाना चाहिए।