
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह प्रखंड हरनौत में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद अपराध पर लगाम नहीं लग रहा है। बाइक सवार बदमाशों ने हरनौत बाजार के पटेल नगर मोहल्ला में एक महिला से डेढ़ लाख रुपये छीन लिये। महिला बैंक से रुपये निकालकर अपने घर लौट रही थी, तभी बदमाश रुपये से भरा थैला झपटकर फरार हो गये। पटेल नगर मोहल्ला की रहनेवाली उर्मिला देवी ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए पैसे एसबीआई से निकाले थे । पीड़िता के मुताबिक एक लाख रुपए उन्होंने एसबीआई बैंक की शाखा से निकाला था और 50 हजार रुपए एक रिश्तेदार से उधार लिया था । रुपए लेकर वो अपने एक रिश्तेदार के साथ घर जा रही थीं । लेकिन जैसे ही वो अपने मोहल्ले में पहुंची वैसे ही बाइक सवार युवक पहुंचे और बाइक पर पीछे बैठा युवक ने उनका थैला छीन लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे, तबतक बदमाश भाग निकले। आपको बता दें आए दिन हरनौत में छिनैती की वारदात सामने आ रही है लेकिन पुलिस प्रशासन हाथ पर हाथ देकर बैठी है ।