
बिहारशरीफ के बड़ी दरगाह में चिरागा मेला शुरू हो गया है। सीएम नीतीश कुमार ने पहले ही दिन मखदूम-ए-जहां हजरत शेख शरफुद्दीन यहिया मनेरी के 657वें उर्स के मौके पर चादरपोशी की।

चादरपोशी के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सूबे की तरक्की, अमन-चैन, खुशहाली और समृद्धि की दुआ मांगी।

बड़ी दरगाह पहुंचने पर मुख्यमंत्री को दरगाह प्रबंधन ने गुलदस्ता, साफा और टोपी भेंट कर उनका स्वागत किया । सीएम नीतीश कुमार ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। इस दौरान उन्होंने चार छात्रों मो. इकबाल, अमजद इमाम, मो. मोहतशीम और मो. श्यान को स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड प्रदान किया जबकि सीरत अली, राख्शनदा जफर, अमीर इकबाल और आयशा आफरीन को कुशल युवा प्रशिक्षण का प्रमाण पत्र दिया।

मुख्यमंत्री ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी की प्रशंसा की । उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी में आकर लोग सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में जानेंगे और उसका लाभ उठाये । इसके बाद मुख्यमंत्री खानकाहा मोआजन्म भी गये। चादरपोशी के दौरान स्थानीय बीजेपी विधायक डॉ. सुनील कुमार भी साथ थे। खास बात यह रही कि कई साल बाद भाजपा विधायक सुनील कुमार सीएम नीतीश कुमार के साथ नजर आये। इस दौरान ग्रामीण विकास मंत्री सह संसदीय कार्य श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार, पीर साहब और अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने बड़ी दरगाह के सज्जादानशीं हजरत सैयद शाह सैफुद्दीन फिरदौसी से मुलाकात की।