कहा जाता है कि द्वापर युग में भाभी की वजह से ही अब तक का सबसे भीषण यु्द्ध महाभारत हुआ था। कलियुग में भी भाभी की वजह से पेंदी गांव में महाभारत हुआ। दोनों तरफ से जमकर फायरिंग हुई। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दो गंभीर रुप से घायल है।
क्या है पूरा मामला
नालंदा जिला के सरमेरा थाना का पेंदी गांव गोलियों की तड़तड़ाहट से अचानक दहल उठा। दोनों ओर से धांय-धांय गोलियां चल रही थी। गांव वालों के मुताबिक दोनों ओर से दर्जनों राउंड गोली चली। जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो की हालत गंभीर है उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पत्नी से छेड़खानी के विरोध पर पति की गई जान
मृतक प्रकाश राम के परिजनों की मानें तो प्रकाश की पत्नी से अक्सर विश्वामित्र छेड़छाड़ करता था। जो रिश्ते में चचेरा देवर लगता है। पत्नी ने इसकी शिकायत अपने पति प्रकाश राम से की। जिसके बाद प्रकाश राम अपने भाई प्रमोद राम के साथ घर की छत पर चढ़ा और विश्वामित्र को गाली गलौच करने लगा। बात बढ़ती चली गई। प्रगास ने अपने घर से अवैध रायफल निकाला और फायरिंग शुरू कर दी। रात के अंधेरे में किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था। गोलियों की आवाज सुनकर गांव वाले अपने घरों में दुबके थे। तभी एक गोली प्रकाश राम को आ लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जबकि उसके भाई प्रमोद को भी गोली लगी है वो भी अस्पताल में भर्ती है । दूसरे गुट यानि विश्वामित्र की ओर से रंजीत राम को गोली लगी है। उसे भी इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है ।
पुलिस का कहना है कि पुरानी रंजिश की वजह से ये मामला हुआ है। दोनों गोतिया के बीच में बहुत पहले से विवाद चल रहा था। छेड़खानी जैसी कोई बात नहीं हुई है। इस मामले में सुरेश राम, इंदल राम और विश्वामित्र राम को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गांव में अब भी दहशत
गांव वालों का कहना है कि कभी भी गांव में अप्रिय घटना हो सकती है। कभी भी गोतिया के बीच फिर से बदले की आग भड़क सकती है। गांव वालों का ये भी कहना है कि दोनों गुटों के पास अवैध हथियार और गोली हैं।