
नूरसराय थाना क्षेत्र के नारी गांव के समीप रविवार को सड़क दुर्घटना में बाइक सवार हार्डवेयर दुकानदार की मौत हो गई। जिसके बाद ग्रामीणों ने लाश को बेलदारिया गांव के समीप सड़क पर रखकर 6 घंटा तक हंगामा किया। मृतक बेलदरिया गांव निवासी 40 वर्षीय भूषण चौहान नूरसराय बाजार में हार्डवेयर दुकान चलाते हैं। तकादा कर लौटने के क्रम में घटना हुई। हंगामा की सूचना पाकर विधि-व्यवस्था डीएसपी, सीओ, बीडीओ भारी संख्या में सुरक्षा बलों के साथ मौके पर पहुंच गए। करीब छह घंटे हंगामा के बाद प्रावधान के तहत मुआवजा के आश्वासन पर आक्रोशित शांत हुए। इसके बाद पुलिस शव को कब्जे में लेने में सफल हुई। शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया।

सुबह में घटी घटना
दुकानदार कलेक्शन कर गांव लौट रहे थे। उसी दौरान दुग्ध वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे व्यवसाई की मौके पर मौत हो गई। परिजन व ग्रामीण मृतक को जख्मी समझ, उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाएं। जहां मौत की पुष्टि के बाद लोग आक्रोशित हो अस्पताल परिसर में हंगामा करने लगें। सूचना पाकर नूरसराय थानाध्यक्ष भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस के सामने परिजन शव को उठा कर ले गए।

कई घंटे बाद पहुंचे आला अधिकारी
इसके बाद लाश को सड़क पर रख कर चार लाख मुआवजा की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। आक्रोशित ग्रामीण चार लाख मुआवजा की मांग पर अड़े थे। इस दौरान उग्र ग्रामीणों ने वहां से गुजरने के प्रयास करने पर कई बाइक सवारों की पिटाई कर दी। कई घंटे बाद मौके पर विधि-व्यवस्था डीएसपी, बिहारशरीफ बीडीओ, सीओ भारी संख्या में सुरक्षा बलों के साथ पहुंचे। आक्रोशित मौके पर मुआवजा की मांग पर अड़े थे। किसी तरह अधिकारी प्रावधान के तहत मुआवजा का आश्वासन दे उग्र भीड़ को शांत कराने में सफल हुए। इसके बाद पुलिस शव को कब्जे में ले सकी।