
मानपुर थाना इलाके के बहुआरा गांव में शनिवार को बदमाशों ने युवक के जांघ में गोली मार दी। इसके पूर्व कई राउंड हवाई फायरिंग भी की गई। गोली लगने के के बाद गांव में अफरातफरी फैल गई। परिजन व ग्रामीण कैलाश प्रसाद के जख्मी पुत्र संजय प्रसाद को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाएं। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।
सूचना के बाद भी मौके पर नहीं पहुँची पुलिस
परिजनों की मानें तो सूचना के बाद भी पुलिस गांव नहीं पहुंची। घटना को अंजाम दे सभी बदमाश अडरग्राउंड हो गए। नाली विवाद में घटना को अंजाम देने का आरोप है। युवक का पड़ोसी से नाली विवाद चला आ रहा था। सुबह में पड़ोसियों ने युवक की नाली बंद कर दी। जिसके बाद संजय नाली खोलने आया। उसी दौरान आधा दर्जन बदमाश मौके पर पहुंच गए और युवक की पिटाई करने लगे। बीच-बचाव करने पर परिवार के अन्य सदस्यों को भी पीटा गया। इसके बाद बदमाशों ने पिस्टल निकाल फायरिंग करनी शुरू कर दी। जिससे गांव में भगदड़ मच गई। उसी दौरान बदमाशों ने युवक के दाहिने जांघ में गोली मार दी। जिससे वह जख्मी हो गया। घटना को अंजाम दे बदमाश हथियार लहराते हुए भाग निकले।
पूछताछ के आधार पर अपराधियों के तलाश में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष एस.के. जायसवाल ने बताया कि घटना की सूचना के बाद पुलिस फर्द बयान लेने अस्पताल पहुंची। जहां से जख्मी को रेफर किया जा चुका था। लिखित शिकायत मिलने पर पुलिस एफआईआर दर्ज करेगी। पूछताछ के आधार पर पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।