
बिहार सरकार नए साल में शहरी विस्तारीकरण योजना को लागू करेगी. इसे लेकर प्रस्ताव तैयार हो गया है. जिसपर विधि विभाग और वित्त विभाग की मंजूरी मिल गयी है. इसके तहत राज्य के 100 से ज्यादा नगर निगम से लेकर नगर पर्षद और नगर पंचायत के स्वरूप में व्यापक बदलाव आयेगा.
क्या है योजना
शहरी विस्तारीकरण योजना को पूरे राज्य में लागू किया जाएगा. जिसके तहत राज्य में शहरीकरण के मौजूदा 11 प्रतिशत के क्षेत्र में विस्तार करना है. नयी विस्तारित योजना से सूबे में शहरीकरण के क्षेत्र में तीन से चार प्रतिशत की बढ़ोतरी हो जायेगी.
बिहारशरीफ नगर निगम का दायरा बढ़ेगा
नये प्रस्ताव के तहत पटना, बिहारशरीफ समेत अन्य कई नगर निगमों के क्षेत्र का विस्तार किया जा रहा है. इसके आसपास के कई इलाके इन नगर निगमों के क्षेत्र में समाहित हो जायेंगे. बिहारशरीफ नगर निगम का विस्तार दीपनगर क्षेत्र तक हो जायेगा.
पटना नगर निगम का दानापुर तक दायरा
पटना नगर निगम का क्षेत्र विस्तार होकर यह दानापुर के आसपास तक पहुंच जायेगा. इसके अलावा पटना जिले के दो प्रखंड नौबतपुर और पुनपुन नगर पंचायत क्षेत्र के रूप में उत्क्रमित हो जायेंगे. वहीं, संपतचक नगर पंचायत क्षेत्र की कुछ पंचायतों को छोड़कर अन्य इलाके को नगर पर्षद क्षेत्र बना देने का प्रस्ताव है. इसी तरह मसौढ़ी क्षेत्र का विस्तार करते हुए इसे भी उत्क्रमित कर दिया जायेगा.
कटिहार का कोढ़ा बनेगा नगर पर्षद
कटिहार जिले का कोढ़ा नगर पर्षद क्षेत्र बनने जा रहा है. इस तरह से राज्य के 100 से ज्यादा नगर क्षेत्रों का विस्तार या उत्क्रमण होने जा रहा है. इस प्रस्ताव पर कैबिनेट में अंतिम स्तर पर समीक्षा होने के बाद इस पर मुहर लग जायेगी.