
बिहार पुलिस दारोगा के 1717 पदों के लिए हुई मुख्य लिखित परीक्षा का परिणाम रविवार को जारी कर दिया गया। 10161 अभ्यर्थी मुख्य लिखित परीक्षा में सफल घोषित किए गए हैं। अगले महीने के मध्य तक इन्हें शरीरिक परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। हालांकि शारीरिक परीक्षा की अभी तारीख घोषित नहीं की गई है।
बिहार दारोगा का रिजल्ट देखने के लिए क्लिक करें
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के मुताबिक बिहार पुलिस में लम्बे अर्से के बाद दारोगा के 1717 पदों पर बहाली की प्रक्रिया के तहत मार्च में प्रारंभिक लिखित परीक्षा ली गई थी। हालांकि उपचुनाव की वजह से कुछ अभ्यर्थियों के लिए इसका आयोजन 15 अप्रैल को भी किया गया था। प्रारंभिक परीक्षा के आधार पर मुख्य लिखित परीक्षा के लिए 29359 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था। 22 जुलाई को पटना के 44 सेंटरों पर मुख्य लिखित परीक्षा आयोजित की गई। आयोग ने लिखित परीक्षा के आधार पर शारीरिक परीक्षा के लिए पद से छह गुना अभ्यर्थियों का चयन किया है।
शरीरिक परीक्षा में सिर्फ पास करना होगा
दारोगा के लिए शारीरिक परीक्षा में सिर्फ पास करना होगा। शारीरिक परीक्षा के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार नहीं होगी। मुख्य लिखित परीक्षा में आए अंक के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार होगा और इसी आधार पर दारोगा के लिए अभ्यर्थी अंतिम रूप से चयनित होंगे। शारीरिक परीक्षा में चार स्पर्धाएं होंगी। इसमें दौड़, ऊंची और लंबी कूद के अलावा गोला फेंक शामिल होगा।