
बिहार लोक सेवा आयोग की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर है। बीपीएससी 65वीं पीटी की परीक्षा फरवरी में जारी हो सकता है। क्योंकि बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) 65वीं संयुक्त प्रतियोगिता प्रारंभिक परीक्षा (65th Joint Competitive Preliminary Examination) के लिए दोबारा आवेदन स्वीकार करेगा। पटना हाईकोर्ट (Patna High Court) के आदेश पर आवेदन की प्रक्रिया जनवरी प्रथम सप्ताह में प्रारंभ की जाएगी। नए अभ्यर्थियों के साथ ही पुराने का भी रिजल्ट (Result) फरवरी में जारी किया जाएगा।
परीक्षार्थी ने हाईकोर्ट में की अपील
परीक्षा नियंत्रक अमरेंद्र कुमार ने बताया कि पटना हाईकोर्ट में 63वीं संयुक्त प्रतियोगिता प्रारंभिक परीक्षा के अभ्यर्थी अतुल रंजन ने विकलांगता अधिनियम का पूरा पालन नहीं होने को लेकर अपील की थी। हाईकोर्ट ने मामले पर सुनवाई करते हुए अधिनियम के अनुरूप विकलांगता का लाभ देने का आदेश जारी किया। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग से मार्गदर्शन प्राप्त हो चुका है।
हाईकोर्ट ने दिया ये बड़ा फैसला
विकलांगता अधिनियम के अनुसार दृष्टि, मूकबधिर, चलन तथा मनोविकार दिव्यांगता के लिए एक-एक फीसद सीट आरक्षित करने का प्रावधान है। आयोग की रिक्तियों में मनोविकार दिव्यांगता के अभ्यर्थियों को लाभ नहीं दिया जा रहा था। अब हाईकोर्ट के आदेश पर आयोग जल्द ही मेंटल डिसऑर्डर और मल्टीपल डिसऑर्डर अभ्यर्थियों का नए सिरे से आवेदन स्वीकार करेगा। विज्ञापन की प्रकिया प्रारंभ कर दी गई है। परीक्षा जनवरी दूसरे पखवारे में संभावित है। दोनों परीक्षाओं का रिजल्ट एक साथ जारी किया जाएगा।
65वीं पीटी के लगभग 10 प्रश्न किए जाएंगे रद्द
15 अक्टूबर को 65वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा राज्य के 35 जिलों के 718 केद्रों पर आयोजित की गई थी। इसमें लगभग तीन लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट 25 दिसंबर को जारी करने का आयोग ने लक्ष्य रखा था। आंसर-की पर आपत्ति और आपत्तियों पर आयोग के विशेषज्ञों ने अपनी रिपोर्ट भी सौंप दी है। सूत्रों के अनुसार लगभग 10 विवादित प्रश्नों को रद करने की अनुशंसा विशेषज्ञों की कमेटी ने की है। एक दर्जन से अधिक विभागों के लिए 422 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी। विशेषज्ञों ने प्रारंभिक परीक्षा का कटऑफ 100 से 105 के बीच रहने की संभावना जताई है।