
मैट्रिक परीक्षा के तीसरे दिन परीक्षार्थियों ने आज जमकर हंगामा किया. परीक्षा केंद्र पर 300 से ज्यादा छात्रों ने जमकर तोड़फोड़ की। उपद्रवियों ने 8 लग्जरी कार समेत 22 गाड़ियों को निशाना बनाया। प्रश्न पत्र लीक होने से नाराज छात्रों ने जमकर रोड़ेबाजी और पत्थरबाजी की
चार छात्र को पुलिस ने हिरासत में लिया
हंगामा और तोड़फोड़ करने वाले छात्रों में से 4 को पुलिस ने कस्टडी में लिया है। इनमें से 3 छात्र दनियावां हाई स्कूल के हैं, जबकि एक स्टूडेंट गुलजारबाग के FNS हाई स्कूल का है। सभी से थाने में पूछताछ चल रही है। CCTV फुटेज के जरिए इनकी पहचान भी की जाएगी।
क्या है पूरा मामला
मामला राजधानी पटना के AN कॉलेज की है. शनिवार की सुबह वहां अंग्रेजी की परीक्षा थी. लेकिन एसके पुरी थाना के सामने 300 से ज्यादा छात्र जुट गए और हंगामा करने लगे. छात्रों ने जमकर रोड़ेबाजी की.
प्रश्न पत्र लीक होने से नाराज
दरअसल, जमुई से सोशल साइंस का प्रश्न पत्र लीक हुआ था. जिसके बाद सोशल साइंस की परीक्षा रद्द कर दी गई है. इसके बाद शनिवार को अंग्रेजी की परीक्षा से पहले अफवाह उड़ी कि आज हो रही अंग्रेजी की परीक्षा का प्रश्नपत्र वायरल हो गया है। लेकिन बाद में पता चला कि पिछले साल का प्रश्नपत्र वायरल हुआ है। हंगामे की वजह यह भी हो सकती है।
CCTV फुटेज की जांच होगी
उधर, SK पुरी थाना पहुंचे मजिस्ट्रेट ने कहा है कि इस मामले में अब FIR दर्ज होगी। वीडियो फुटेज के आधार पर हंगामा और तोड़फोड़ करने वाले स्टूडेंट्स और उपद्रवियों की पहचान की जाएगी। उन्हें डिटेन कर पूछताछ की जाएगी। इस मामले में कानूनी कार्रवाई होगी।
गाड़ियों के पीछे दौड़ते दिखे छात्र
AN कॉलेज के पास स्थित वैशाली होंडा के शो रूम में भी तोड़फोड़ के लिए छात्र पहुंच गए थे और कुछ कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की। यहां मौजूद कर्मचारियों ने उग्र छात्रों का एक वीडियो बना लिया, इसमें साफ दिख रहा है कि कॉलेज के सामने चल रही गाड़ियों को छात्र निशाना बना रहे हैं। एक कार ड्राइवर गाड़ी को बचाने के लिए करीब 200 मीटर पीछे की ओर ले जाता है। लेकिन छात्र गाड़ी के पीछे दौड़ते रहते हैं और कुछ छात्र कार पर पत्थर भी फेंकते हैं।
नगर निगम का कर्मी घायल
तोड़फोड़ की इस घटना में नगर निगम का एक कर्मचारी अर्जुन घायल है। वह वार्ड 25 में चलनेवाली गाड़ी का ड्राइवर है। घटनास्थल पर मौजूद सुरक्षाकर्मी ने बताया कि परीक्षार्थी लाइन में लग रहे थे। इसी बीच कुछ छात्र आए और हंगामा मचाने लगे। इनके हाथों में एडमिट कार्ड था। घटना SK पुरी थाना के सामने हुई है।वहीं, AN कॉलेज में मौजूद मजिस्ट्रेट राजीव रंजन ने कहा कि परीक्षार्थियों के लिए लाइन लगवा रहे थे। इस दौरान ही कॉलेज के बाहर से शोरगुल होने की आवाज आने लगी। फिर पता चला कि छात्र हंगामा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी स्टूडेंट्स नहीं लग रहे थे, हो सकता है कि कुछ असामाजिक तत्व भी इसमें शामिल हो। गुरुवार को सोशल साइंस का पेपर रद्द हुआ है। आशंका है कि छात्र इस वजह से ही हंगामा कर रहे हैं।