
नालंदा जिला शिक्षकों ने एलान किया है कि वो 29 जून को बिहारशरीफ के हॉस्पीटल मोड़ चौराहे पर जूता पॉलिस करेंगे. दरअसल, नालंदा में शिक्षकों को चार महीने से सैलरी नहीं मिली है. जिससे उनके परिवार के सामने भुखमरी की स्थिति बन गयी है। साथ ही बच्चों की पढ़ाई लिखाई में भी दिक्कतें आ रही हैं। इसके खिलाफ शिक्षक जीवनयापन के लिए शनिवार को शहर के अस्पताल चौक पर जूता पॉलिस करने का ऐलान किया है.
सांकेतिक सत्याग्रह करेंगे टीचर
टीईटी एसटीईटी उत्तीर्ण नियोजित शिक्षक संघ गोप गुट के नालंदा जिलाध्यक्ष और जिला सचिव राकेश कुमार ने बयान जारी कर कहा है कि 29 जून को शिक्षक हॉस्पीटल मोड़ चौराहा पर जूता पॉलिस कर अपना विरोध प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना कि लोगों को शिक्षा देने वाला ही बदहाली की जिंदगी जीने को मजबूर है।
एक तो पैसा कम और समय पर भी नहीं
शिक्षकों का कहना है कि नियोजित शिक्षकों को एक तो कम पैसे मिलते हैं। वो भी समय पर नहीं मिल पाता है। जिससे उनके परिवार के सामने भूखमरी की स्थिति खड़ी हो जाती है. ऐसे में वेतन के लिए जूता पॉलिस कर सांकेतिक सत्याग्रह किया जाएगा। सरकार की इन शिक्षा विरोधी नीतियों से शिक्षक काफी आहत हैं। जल्द ही वेतन नहीं मिला, तो इसके लिए चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया जाएगा। सभी शिक्षकों को इस सत्याग्रह में शामिल होने की अपील की है।